Trending

पोलैंड इंटरनेशनल टूर्नामेंट : अनमोल खरब चैंपियन

भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी अनमोल खरब ने रविवार को ल्यूबलिन में महिला एकल के फाइनल में स्विट्जरलैंड की मिलिना श्नाइडर को हराकर पोलैंड इंटरनेशनल टूर्नामेंट का खिताब जीता। यह उनका यूरोप दौरे में दूसरा खिताब है। इस खिलाड़ी ने पिछले सप्ताह बेल्जियम इंटरनेशनल में अपना पहला अंतरराष्ट्रीय खिताब जीता था।

साभार : गूगल

फरीदाबाद की रहने वाली और विश्व रैंकिंग में 165वें स्थान पर काबिज अनमोल ने 5000 डालर इनामी पोलैंड इंटरनेशनल के फाइनल में बेहतरीन खेल दिखाया तथा सातवीं वरीयता प्राप्त श्नाइडर को 21-12, 21-8 से हराया।

अनमोल ने बेल्जियम इंटरनेशनल में जीतने के बाद विश्व रैंकिंग में 55 स्थान की लंबी छलांग लगाई थी।  टूर्नामेंट में अनमोल ने अपने अभियान की शुरुआत डेनमार्क की शीर्ष वरीय अमाली शुल्ज पर 21-17, 21-16 से जीत के साथ की, जिन्हें उन्होंने पिछले हफ्ते फाइनल में हराया था।

उन्होंने दूसरे दौर में यूक्रेन की सोफिया लावरोवा को 21-12, 21-7 और लिथुआनिया की सामंता गोलूबिकाइट को 21-9, 21-17 से हराया। इस भारतीय खिलाड़ी ने सेमीफाइनल में डेनमार्क की चौथी वरीयता प्राप्त फ्रेडरिक लुंड को 21-15, 21-12 से हराया।