अमेरिका राष्ट्रीय क्रिकेट लीग के आयुक्त बने आईसीसी के पूर्व सीईओ हारून लोर्गट
अमेरिका की राष्ट्रीय क्रिकेट लीग ने आईसीसी के पूर्व सीईओ हारून लोर्गट को अपना आयुक्त नियुक्त किया है। पूर्व प्रथम श्रेणी क्रिकेटर लोर्गट ने 2008 से 2012 तक आईसीसी के सीईओ के रूप में कार्य किया।

उनके मार्गदर्शन में तीन विश्व कप का आयोजन हुआ और उन्होंने अंपायरों के फैसले की समीक्षा प्रणाली (डीआरएस), भ्रष्टाचार विरोधी उपायों के विस्तार और एसोसिएट देशों में क्रिकेट के विकास जैसे कार्यों में अहम भूमिका निभाई।
लोर्गट ने कहा, ‘‘मुझे ऐसे परिवर्तनकारी समय में राष्ट्रीय क्रिकेट लीग के साथ यह भूमिका निभाने का सौभाग्य मिला है। क्रिकेट एक ऐसा खेल है जिसमें नए खिलाड़ियों को प्रेरित करने और पूरे अमेरिका में प्रशंसकों को जोड़ने की शक्ति है।
लोर्गट के नेतृत्व में एनसीएल अपने पहले ‘सिक्सटी स्ट्राइक्स’ टूर्नामेंट की मेजबानी करेगा जो 60 गेंदों का एक नया प्रारूप है और इसे आईसीसी से स्वीकृति मिली है।
स साल लीग में दुनिया भर के शीर्ष खिलाड़ी हिस्सा होंगे जिनमें शाहिद अफरीदी, सुरेश रैना, दिनेश कार्तिक, शाकिब अल हसन, रोबिन उथप्पा, केशव महाराज, तबरेज शम्सी, क्रिस लिन, एंजेलो मैथ्यूज, कोलिन मुनरो, सैम बिलिंग्स और मोहम्मद नबी हैं।
जहीर अब्बास, वसीम अकरम, दिलीप वेंगसरकर, सर विवियन रिचर्ड्स, वेंकटेश प्रसाद, सनथ जयसूर्या, मोइन खान और ब्लेयर फ्रैंकलिन जैसे क्रिकेट के दिग्गज भी मेंटर (मार्गदर्शक) और कोच के रूप में लीग का हिस्सा होंगे।