कानपुर टेस्ट में बांग्लादेश टीम में लौटेंगे शाकिब अल हसन
शुक्रवार से भारत के खिलाफ ग्रीनपार्क में होने वाले दूसरे टेस्ट के लिए बांग्लादेश के पूर्व कप्तान शाकिब अल हसन का खेलना तय हो गया है।

इसकी पुष्टि बुधवार को टीम के अभ्यास सत्र के बाद प्रेसवार्ता में बांग्लादेश टीम के कोच चंडिका हाथुरुसिंघा ने की। बताते चले कि, इससे पहले मीडिया रिपोर्ट में आया था कि शाकिब चोटिल होने के चलते दूसरे टेस्ट से बाहर हो सकते हैं।
बांग्लादेश टीम की प्रैक्टिस के बाद प्रेसवार्ता में कोच चंडिका हाथुरुसिंघा ने पहले टेस्ट में विफल रहे शीर्ष क्रम के बाएं हाथ के बल्लेबाजों का बचाव करते हुए कहा कि एक मैच के प्रदर्शन से उनकी आलोचना नहीं कर सकते।
हम उनके पहले मैच में प्रदर्शन न कर पाने से निराश जरूर हैं, उम्मीद है कि वह दूसरे टेस्ट में अपनी लय हासिल कर लेंगे। रही बात बाएं और दाएं हाथ के बल्लेबाजों के आर्डर को रखने की तो उसका फैसला पिच और यहां की कंडीशन देखने के बाद करेंगे।
भारत में बांग्लादेश टीम के खेलने का काफी विरोध हो रहा। इसको देखते हुए सुरक्षा को लेकर कोई परेशानी होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि इस बारे में सुरक्षा के बारे में हमने यहां किसी से कोई चर्चा तक नहीं की है। यहां हमें कोई खतरा नहीं है। यह बीसीसीआई का मामला है, हम केवल खेलने पर ध्यान दे रहे हैं।
पूर्व कप्तान शाकिब अल हसन की फार्म और उनके खेलने पर उठे संशय को लेकर कोच ने कहा कि मुझे न तो फिजियो और न ही शाकिब ने अपनी किसी परेशानी के बारे में बताया है।
इसलिये उनके न खेलने वाली कोई बात हीं नहीं। वह दूसरे टेस्ट के लिए मौजूद रहेंगे। वहीं उनकी फार्म के बारे में उन्होंने कहा कि हमें उनके ओवरऑल प्रदर्शन को ध्यान में रखना चाहिये, साथ ही पहले टेस्ट की दूसरी पारी में उनके प्रदशर्न अच्छा रहा है।
ग्रीनपार्क की पिच के बारे में उन्होंने कहा कि यहां के ग्राउंड्समैन ने दो पिच बनायी है, मैच के लिए विकेट फाइनल नहीं किया है। कल विकेट फाइनल होने के बाद ही पिच पर कुछ बोला जा सकता है।
विकेट पर हरी घास के बारे में उन्होंने कहा कि यहां ऐसी विकेट देखकर मुझे कोई आश्चर्य नहीं हुआ। पिछले टेस्ट में हम तीन स्पिनर के साथ उतरे थे क्योंकि यह हमारी स्ट्रेंथ हैं, जिससे हम भारतीय बल्लेबाजों को परेशानी में डाल सकते हैं। कल विकेट फाइनल होने के बाद हम अंतिम एकादश का फैसला करेंगे।
दूसरे टेस्ट के लिए खिलाड़ियों के मनोबल के बारे में कोच ने कहा कि यह हमारे हाथ में नहीं। हम केवल उन्हें उनकी क्षमता के अनुसार खेलने को प्रेरित कर सकते हैं।
पिछले मैच से हमें काफी सीखने को मिला है, पिछली गलतीयों से बचने के लिए हम तैयारी कर रहे हैं। टेस्ट मैच में भारत के खिलाफ उसी के देश में खेलना वैसे भी काफी चुनौतीपूर्ण होता है। दूसरे टेस्ट में हम अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने की पूरी कोशिश कर सीरीज ड्रा करायेंगे।