Trending

भारतीय टीम ने कड़े अभ्यास से की तैयारियों की परख

बांग्लादेश के खिलाफ दूसरे टेस्ट को जीतकर सीरीज क्लीन स्वीप करने के इरादे से बुधवार को ग्रीनपार्क में भारतीय टीम ने जमकर पसीना बहाया।

साभार : गूगल

पहले मैच में रन न बना पाने की खुमारी कप्तान रोहित शर्मा के यहां अभ्यास सत्र के दौरान साफ देखने को मिली। रोहित ने नेट्स में आधे घंटे कड़ा अभ्यास किया। विराट कोहली ने भी कप्तान का पूरा साथ दिया और साथी गेंदबाजों की गेंदों को खेलकर अपने बल्ले को पैनापन दिया।

बांग्लादेश के खिलाफ दूसरा टेस्ट मैच 27 सितंबर से

ग्रीनपार्क में 24वां टेस्ट खेलने आयी टीम इंडिया आज दोपहर ग्रीनपार्क पहुंची। ग्राउंड में टीम ने पहुंचते ही रनिंग और वार्मअप कर खुद को तैयार किया।

इसके बाद खिलाड़ियों ने काफी देर फुटबाल भी खेली। वहीं तीन नेट्स पर सबसे पहले कप्तान रोहित शर्मा, विराट कोहली और यशस्वी जायसवाल ने मोर्चा संभाला जहां इन तीनों बल्लेबाजों को भारतीय स्पिनर आर. अश्विन, अक्षर पटेल और रवींद्र जडेजा का सामना करने को कहा गया।

इसके पीछे मुख्य कारण बांग्लादेश टीम का तीन स्पिनर के साथ उतरना माना जा रहा है। हालांकि इस दौरान टीम इंडिया के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और मो. सिराज ने भी गेंदबाजी शुरू की। रोहित और विराट जहां नेट्स पर जुटे रहे वहीं शुभमन गिल, रिषभ पंत और लोकेश राहुल भी अपने हाथ खोलने उतरे। जिन्हें कुलदीप यादव, आकाशदीप ने गेंदबाजी की।

नेट्स पर चल रहे इस अभ्यास पर कोच गौतम गंभीर भी पैनी नजरें बनाए रखे। नेट्स से हटने के बाद रोहित और गंभीर ने विकेट पर जाकर पिच क्यूरेटर आशीष भौमिक और शिवकुमार से काफी देर चर्चा की। ढाई घंटे अभ्यास करने के बाद खिलाड़ी ड्रेसिंग रूम में लौट गये, थोड़ी देर बाद रोहित फिजियो के साथ मैदान के किनारे हल्की रनिंग करते रहे।