ग्रीन पार्क में अपना आखिरी टेस्ट खेलेंगे बांग्लादेश के पूर्व कप्तान शाकिब अल हसन
बांग्लादेश के पूर्व कप्तान शाकिब अल हसन ने गुरुवार को अंतरराष्ट्रीय टेस्ट क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर दिया है। शुक्रवार से भारत के खिलाफ होने वाले दूसरे टेस्ट मैच की पूर्व संध्या पर प्रेसवार्ता में अपने संन्यास की घोषणा करते हुए कहा कि विदेशी जमीन पर यह उनका आखिरी टेस्ट मैच होगा। यहां से खेलने के बाद वह सीधा अपनी पत्नी के पास बंर्लिंघम के पास जायेंगे।

बांग्लादेश के शीर्ष खिलाड़ियों में शुमार शाकिब अल हसन की अचानक हुई संन्यास की घोषणा की खबर कानपुर में होते ही पूरी दुनिया में तेजी से फैल गयी। शाकिब ने कहा कि इस वर्ष वनडे विश्वकप में वह अपना आखिरी एकदिवसीय मैच खेल चुके हैं।
उन्होंने कहा कि कल से शुरू हो रहा टेस्ट मैच विदेशी जमीन पर उनका आखिरी मैच होगा। हालांकि आधिकारिक संन्यास वह अपनी घरेलू जमीन पर दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ होने वाली टेस्ट सीरीज में करेंगे।
यह सीरीज अक्टूबर में बांग्लादेश में प्रस्तावित है। उन्होंने कहा कि वह मीरपुर में अपने देशवासियों के सामने कैरियर का समापन करना चाहेंगे। बांग्लादेश के लिए शाकिब अल हसन ने 70 टेस्ट, 247 वनडे और 129 टी-20 मैच खेले हैं।
टेस्ट में उन्होंने पांच शतक, 31 अर्धशतक लगाकर 4600 रन और 242 विकेट लिए हैं। वहीं वनडे में उन्होंने 9 शतक, 56 अर्धशतक से 7570 रन बनाने के साथ ही 317 विकेट लेने का कारनाम भी अपने नाम किया है। टी-20 क्रिकेट में शाकिब ने 129 मैचों में 13 अर्धशतक से 2551 रन और 149 विकेट लिए हैं।