भारत की जीत पर निगाह, ग्रीन पार्क में बांग्लादेश के खिलाफ दूसरा टेस्ट कल से
कप्तान रोहित शर्मा की कप्तानी वाली टीम इंडिया शुक्रवार से शुरु हो रहे श्रृखंला के दूसरे और अंतिम टेस्ट में बांग्लादेश का सूपड़ा साफ करने के इरादे से मैदान पर उतरेगी।

ग्रीनपार्क मैदान पर तीन साल के बाद होने वाला यह टेस्ट भारत के लिये न सिर्फ आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप में अपनी स्थिति को और मजबूत करने का अवसर होगा बल्कि नवंबर में शुरु होने वाले आस्ट्रेलिया दौरे के लिये टीम की तैयारियों को परखने का मौका देगा।
चेन्नई टेस्ट में बांग्लादेश के ख़िलाफ़ 280 रनों की जीत के बाद भारतीयों के हौसले बुलंद है, ग्रीनपार्क की सपाट और कम उछाल वाली विकेट पर रोहित एंड कंपनी बांग्लादेश को हल्के में लेने की भूल नहीं करेगी।
टेस्ट मैच के लिये काली मिट्टी की दो पिचें तैयार की गयी हैं और इनमें से एक में दोनो टीमों की परीक्षा होगी। चेन्नई टेस्ट में कप्तान रोहित शर्मा और विराट कोहली का बल्ला नहीं चला था, केएल राहुल ने भी पहली पारी में औसत प्रदर्शन किया था। इन स्टार बल्लेबाजों के लिये आस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाली पांच टेस्ट मैचों की सीरीज से पहले अपनी लय को वापस पाने का आखिरी मौका होगा।
केएल राहुल चेन्नई टेस्ट की दूसरी पारी में शानदार फार्म में दिखे थे मगर पारी घोषित के कप्तान के फैसले से उन्हे अपना हुनर दिखाने का अवसर नहीं मिल सका था। उस पारी की कोरकसर पूरी करने के इरादे से वह मैदान पर उतरेंगे वहीं जुझारु ऋषभ पंत से टीम इंडिया को एक बार फिर बेखौफ दमदार बल्लेबाजी की उम्मीद होगी।
मौजूदा सत्र में शानदार फार्म में चल रहे यशस्वी जायसवाल और शुभमन गिल में ऐतिहासिक मैदान पर एक और बेहतरीन पारी खेलने के लिये उत्सुक होंगे। दुनिया के बेहतरीन तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की परीक्षा कानपुर में ग्रीनपार्क की कम उछाल वाली पिच लेगी।
गंगा तट पर स्थित होने की वजह से सुबह के सत्र में पिच में स्विंग का फायदा तेज गेंदबाजों को मिलता रहा है, पिछले अनुभव से अनुमान लगाया जा रहा है कि समय के साथ पिच का मिजाज स्पिनरों के लिये मददगार साबित हुआ है। इस लिहाज से दोनो ही टीमे अपने स्पिन गेंदबाजों पर अधिक भरोसा कर सकती हैं।
बांग्लादेश के हरफनमौला शाकिब अल हसन अंगुली की चोट से उबर चुके हैं और ऐसे में वह कानपुर में खेलते दिखायी दे सकते है और वह मेहदी हसन मिराज के साथ टीम इंडिया के लिए मुसीबत खड़ी कर सकते हैं, तस्कीन अहमद और हसन महमूद के तेज गेंदबाजी आक्रमण से भी भारतीयों को सतर्क रहना होगा।
पिच के व्यवहार का अंदाजा लगाते हुये बांग्लादेश के तैजुल इस्लाम को मौका मिल सकता है। गंगा तट से महज 200 मीटर की दूरी पर स्थित इस हरियाले मैदान की पिच पर पिछले दिनो हुयी घनघोर वर्षा का असर देखा जा सकता है।
मैच की पूर्व संध्या पर आसमान से ढके बादलों के बीच टीम इंडिया ने नेट अभ्यास किया, बाद में हल्की बारिश की वजह से मैदान को कवर करना पड़ा। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार टेस्ट मैच के दौरान भी बारिश खेल पर बाधा खड़ी कर सकती है।
चेन्नई टेस्ट में जीत के बाद टीम प्रबंधन ने कानपुर टेस्ट के लिये टीम इंडिया में बदलाव की आशंका को नगण्य बताया था मगर स्पिनर के लिये अभी तक मददगार समझी जाने वाली ग्रीनपार्क की पिच को देखते हुये कोच गौतम गंभीर और कप्तान रोहित शर्मा यदि लोकल ब्वाय कुलदीप यादव को अंतिम एकादश में स्थान देने तो कोई अतिश्योक्ति नहीं मानी जायेगी।
वैसे भी आज नेट प्रैक्टिस के बाद प्रेस कांफ्रेंस के लिये आये अभिषेक नायर ने स्वीकार किया कि टीम का हर खिलाड़ी फिट है और अंतिम एकादश में खेलने के लिये उत्सुक है। अंतिम एकादश का ऐलान मैच शुरु होने से पहले होगा।
ग्रीनपार्क मैदान टीम इंडिया के लिये भाग्यशाली रहा है। यहां अब तक खेले गये 23 टेस्ट मैचों में भारत ने सात में जीत हासिल की है, तीन में उसे हार मिली है। 13 मैचों में हार जीत का फैसला नहीं हो सका है। भारत ने पिछला मैच न्यूजीलैंड के खिलाफ 2021 में खेला था जिसमें हार जीत का फैसला नहीं हो सका था।
भारत : रोहित शर्मा (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, शुभमन गिल, विराट कोहली, केएल राहुल, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), रवींद्र जाडेजा, आर अश्विन, आकाश दीप या कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज
बांग्लादेश : नाजमुल हसन शांतो (कप्तान), शादमन इस्लाम, ज़ाकिर हसन, मोमिनुल हक़, मुशफ़िक़ुर रहीम, शाकिब अल हसन, लिटन दास (विकेटकीपर), मेहदी हसन मिराज़, हसन महमूद, तसकीन अहमद, नाहिद राणा या तैजुल इस्लाम