मैदान गीला होने के चलते कानपुर टेस्ट के टॉस में देरी
भारत और बांग्लादेश के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज का आखिरी मैच आज से शुरू हो रहा है, जो कि कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में आयोजित होगा।

मैच के शुरू होने से पहले ही फैंस के लिए बुरी खबर सामने आई है। दरअसल, टॉस होने में देरी होगी जिसके पीछे की बीसीसीआई ने खास वजह बताई है। मैदान के गीला होने के चलते ये फैसला लिया गया है। बीती रात को हुई बारिश की वजह से आउटफील्ड गीला हो गया था और उसे सुखाने में समय लगेगा।
बारिश की वजह से रात से ही मैदान को कवर्स द्वारा ढक कर रखा गया था। अभी भी कुछ कवर्स के ऊपर पानी भरा हुआ नजर आ रहा है। पिछले कुछ दिनों से दोनों टीमें इस मुकाबले की तैयारी में व्यस्त थीं और इस दौरान खिलाड़ियों ने जमकर पसीना भी बहाया है। आउट फील्ड गीला होने की वजह से मैच से पहले खिलाड़ियों को वार्म-अप करने का मौका नहीं मिला है।
प्रेजेंटर मुरली कार्तिक ने पिच के बारे में जानकारी देते हुए बताया है कि ये काली मिट्टी से बनी है, जिस पर हरी घास भी देखने को मिल रही है। इसी वजह से यहां बाउंस देखने को मिलेगा। पहली पारी में रन बनाना आसान होगा, लेकिन जैसे-जैसे खेल बढ़ेगा पिच स्लो होती जाएगी।
टीम इंडिया : रोहित शर्मा (कप्तान), यशस्वी जयसवाल, विराट कोहली, शुभमन गिल, केएल राहुल, सरफराज खान, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), आर अश्विन, रवींद्र जडेजा, अक्षर पटेल, मोहम्मद सिराज, आकाश दीप, जसप्रीत बुमराह, यश दयाल, कुलदीप यादव
बांग्लादेश : नजमुल होसैन शान्तो (कप्तान), जाकिर हसन, शादमान इस्लाम, शाकिब अल हसन, लिटन दास, मुशफिकुर रहीम, मेहदी हसन मिराज, जाकिर अली, तस्कीन अहमद, नाहिद राणा, तैजुल इस्लाम, महमूदुल हसन जॉय, नईम हसन, हसन महमूद, खालिद अहमद