भारतीय अंडर-19 टीम ने जीती वनडे सीरीज
रुद्ध पटेल (77) और मोहम्मद अमान (71) के बाद गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन से भारतीय अंडर-19 टीम ने तीसरे वनडे में ऑस्ट्रेलिया को सात रनों से हराया। भारत ने तीन मैचों की सीरीज में ऑस्ट्रेलिया का सूपड़ा साफ कर दिया।

325 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने 21 रन पर पहला विकेट जैक कर्टेन (3) के रूप में गवां दिया।
साइमन बड्ज (32) को हार्दिक राज ने आउट किया। कप्तान ओलिवर पीक और स्टीवन होगन ने पारी को संभाला और तीसरे विकेट के लिए 180 रन जोड़े। 41वें ओवर में हार्दिक राज ने स्टीवन होगन को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा।
स्टीवन होगन ने 84 गेंदों में 10 चौके और चार छक्के लगाते हुए (104) रनों की शतकीय पारी खेली। एलेक्स ली यंग (तीन) रन बनाकर हार्दिक का शिकार बने। 45वें ओवर में किरन चोरमले ने कप्तान ओलिवर पीक को आउट कर मैच का रुख बदला।
ओलिवर पीक ने 115गेंदों में नौ चौके और दो छक्के लगाते हुए (111) रनों की पारी खेली। छठे विकेट के रूप में क्रिश्चियन होवे (10) चोरमले का शिकार बने। एडन ओ’कॉनर 20 गेंदों में (35) रन ने ऑस्ट्रेलिया की जीत की उम्मीद को जिंदा रखने की कोशिश की।
मैच की आखिरी गेंद पर युद्धजीत गुहा ने एडन ओ कॉनर को आउट कर ऑस्ट्रेलिया को सात विकेट पर 317 के स्कोर पर रोकते हुए मैच भारत की झोली में डाल दिया। 111 रनों की शतकीय पारी खेलने वाले ओलिवर पीक को प्लेयर ऑफ द मैच से नवाजा गया।
भारत से हार्दिक राज ने तीन विकेट झटके। किरण चोरमले और युद्धजीत गुहा ने दो-दो बल्लेबाजों को आउट किया। भारत ने ऑस्ट्रेलिया को जीत के लिए 325 रनों का लक्ष्य दिया था।
ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी। बल्लेबाजी करने उतरी भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने सातवें ओवर में सलामी बल्लेबाज साहिल पारेख (20) का विकेट गवां दिया। पारी को सँभालते हुए हरवंश पंगालिया व रुद्ध पटेल ने दूसरे विकेट के लिये 112 रन जोड़े।
24वें ओवर में ऐडन ओ’कॉनर ने हरवंश पंगालिया (46) को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। कप्तान मोहम्मद अमान ने मोर्चा संभाला। रुद्ध पटेल ने 81 गेंदों में आठ चौके और तीन छक्के लगाते हुए (77) रनों की पारी खेली। मोहम्मद अमान ने 72 गेंदों में छह चौके और एक छक्के से (71) रन बनाये।
किरण चोरमले (30), हार्दिक राज (30) और केपी कार्तिकेय (8) रन बनाकर आउट हुए। चेतन शर्मा (18) और रोहित राजावत (2) रन बनाकर नाबाद रहे। भारत ने 50 ओवर में आठ विकेट पर 324 रन बनाया। ऑस्ट्रेलिया के ओर ऐडन ओ कॉनर ने चार विकेट झटके। एल रोनाल्डो को दो विकेट मिले। हैरी होएकस्ट्रा और क्रिश्चियन होवे ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।