आईपीएल 2025 : केकेआर के मेंटर बने वेस्टइंडीज के दिग्गज ऑलराउंडर ड्वेन ब्रावो
आईपीएल 2025 के लिए कोलकाता नाइट राइडर्स ने वेस्टइंडीज के दिग्गज ऑलराउंडर ड्वेन ब्रावो को बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। फ्रेंचाइजी ने उन्हें अगले संस्करण के लिए अपनी टीम का मेंटर बनाया है।
वह इस पद पर गौतम गंभीर की जगह लेंगे, जिन्होंने भारतीय टीम का मुख्य कोच बनने के बाद मेंटोर पद छोड़ दिया था। बता दें कि ब्रावो ने गुरुवार को ही सभी तरह की क्रिकेट से संन्यास का ऐलान किया है।

केकेआर मुख्य कार्यकारी अधिकारी वेंकी मैसूर ने कहा, “डीजे ब्रावो का हमारे साथ जुड़ना एक बहुत ही रोमांचक घटना है। वह जहां भी खेलते हैं, जीतने की गहरी इच्छा शक्ति रखते हैं। उनका व्यापक अनुभव और ज्ञान फ्रेंचाइजी और सभी खिलाड़ियों को बहुत लाभान्वित करेगा।
उन्होंने आगे कहा, “हम इस बात से भी बहुत खुश हैं कि वह दुनिया भर में हमारी सभी अन्य फ्रेंचाइजी कैरेबियन प्रीमियर लीग, मेजर लीग क्रिकेट और इंटरनेशनल लीग टी-20 के साथ भी जुड़ेंगे। ब्रावों ने गुरुवार को सभी तरह की क्रिकेट से संन्यास का ऐलान करते हुए कहा कि उनका शरीर अब दर्द और तनाव सहने में सक्षम नहीं है। ऐसे में वह संन्यास की घोषणा कर रहे हैं।
बता दें कि ब्रावो ने नवंबर 2021 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ आखिरी टी-20 के साथ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया था। वह टी-20 क्रिकेट में सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। उन्होंने 582 मैचों में सबसे अधिक 631 विकेट चटकाए हैं।