कानपुर टेस्ट Day 1: बारिश के चलते 35 ओवर का खेल, बांग्लादेश के 3 विकेट पर 107 रन
भारत और बांग्लादेश के बीच खेले जा रहे दूसरे टेस्ट का पहला दिन बारिश की वजह से जल्दी खत्म कर दिया गया। पहले दिन केवल 35 ओवर और 166 मिनट का खेल हो सका।

पहले दिन का खेल समाप्त होने पर बांग्लादेश ने अपनी पहली पारी में 3 विकेट पर 107 रन बना लिए हैं। मोमिनुल हक 40 और मुश्फिकुर रहीम 6 रन बनाकर खेल रहे हैं। कल रात भर हुई बारिश के कारण आज सुबह टॉस होने में देरी हुई और मैच लगभग 1 घंटे देर से शुरू हुआ। भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी।
बादल छाए रहने के बावजूद बांग्लादेश ने सुबह का सत्र ठीक-ठाक खेला। कप्तान नजमुल हुसैन शांतो (28) और मोमिनुल हक (17) ने मुश्किल हालातों में 45 रनों की अटूट साझेदारी कर बांग्लादेश को थोड़ी राहत दिलाई।
पिच पर घास थी, काली मिट्टी की वजह से उछाल कम था और सतह धीमी थी। जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज ने नई गेंद स्विंग कराया।
बांग्लादेश के सलामी बल्लेबाज शादमान इस्लाम और जाकिर हसन कुछ मौकों पर आउट होने से बचे, आकाश दीप के आने तक वे नई गेंद के खिलाफ पूरी तरह से आश्वस्त दिखे।
भारत के नए तेज गेंदबाज ने पहले ओवर में ही कमाल कर दिया, जब उन्होंने जाकिर (00) को गली में यशस्वी जायसवाल के हाथों कैच कराया। इसके तुरंत बाद तेज गेंदबाज ने शादमान (24) को एलबीडब्लू आउट कर भारत को दोहरी सफलता दिलाई।
मोमिनुल हक और कप्तान नजमुल हसन शांतों ने पारी को आगे बढ़ाया और तीसरे विकेट के लिए 51 रन जोड़े। 80 रन पर अश्विन ने नजमुल को एलबीडब्ल्यू कर यह साझेदारी तोड़ी। नजमुल ने 31 रन बनाए। मोमिनुल और मुश्फिकुर ने बांग्लादेश की पारी को 100 के पार पहुंचाया।
35वें ओवर के बाद खराब रोशनी के कारण खेल को रोका गया और फिर जोरदार बारिश आ गई, इसके बाद खेल को समाप्त घोषित कर दिया गया।