कानपुर टेस्ट : दूसरे दिन के खेल पर भी बारिश का असर
कानपुर टेस्ट के दूसरे दिन रात से रुक-रुक के हो रही बारिश और कम रोशनी के चलते मैदान से कवर नहीं हटाए गए। दोनों ही टीमें सुबह सवा आठ बजे ग्रीनपार्क स्टेडियम के ड्रेसिंग रूम में आई और एक घंटा रुकने के बाद वापस होटल चली गई।

दूसरी ओर मैच रेफरी जेफ क्रो ने मैदान का जायजा लिया और दोपहर एक बजे यदि बारिश रुकती है तो ही आगे के खेल के बारे में फैसला लिया जाएगा। ग्रीनपार्क स्टेडियम भारत व बांग्लादेश के बीच दूसरे टेस्ट मैच का पहला दिन भी बारिश की भेंट चढ़ा था।
क्योंकि पहले दिन पूरे दिन में दो बार हुई बारिश के चलते 35 ओवर का ही खेल हुआ था। जिसमें बांग्लादेश ने 3 विकेट के नुकसान पर 107 रन बनाए थे।
भारतीय गेंदबाज आकाशदीप और आर. अश्विन ने क्रमश: दो और एक विकेट चटकाया था। बारिश के चलते पहले दिन पूरे 55 ओवर का खेल नहीं हो सका था, ऐसे में सभी को उम्मीद थी कि दूसरे दिन यदि मौसम साफ होगा तो बेहतर खेल दर्शकों को देखने को मिलेगा।
पूरी रात से रुक-रुक कर हो रही बारिश ने सभी की उम्मीदों पर पानी फेर दिया है। ग्रीनपार्क में दोनों ही टीमें अपने तय समय सुबह साढ़े आठ बजे ही होटल से ड्रेसिंग रूप पहुंच गई।
यहां पर दोनों ही टीमों के कोचों ने मैदान की बाउंड्री पर जाकर पानी की स्थिति को देखा और वापस ड्रेसिंग रुम में वापस लौट गए। इसके बाद एक घंटा तक टीम यहां रुकी और फिर सवा नौ बजे दोनों ही टीमों के खिलाड़ी वापस होटल लौट गए।
पहले दिन बांग्लादेश के फैन के साथ ही मारपीट की घटना के बाद से ग्रीनपार्क स्टेडियम में शनिवार को पुलिस की तरफ से सुरक्षा और अधिक बढ़ा दी गई। इसके तहत पुलिस के साथ-साथ एटीएस के 47 कमांड़ो पूरे स्टेडियम के चारों ओर रांउड़ लगाते हुए दिखे।
भले ही रात से हो रही बारिश बंद न हुई हो, इसके बाद भी क्रिकेट फैन का उत्साह कम नहीं हुआ है। रुक-रुक कर हो रही बारिश के बीच दर्शकों का स्टेडियम में आना बंद नहीं हुआ। वह अपने मनपंसदीदा क्रिकेटरों की एक झलक पाने के लिए यहां पर पोस्टर, बैनर, टोपियां पहनकर पहुंचे।