कानपुर टेस्ट : दूसरे दिन बारिश ने भिगो दिया खेल
भारतीय टीम और बांग्लादेश टीम के बीच कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में खेला जा रहा सीरीज का दूसरा और आखिरी टेस्ट बारिश से प्रभावित हो जा रहा है। भारी बारिश के चलते जहां पहले दिन केवल 35 ओवर का खेल हो पाया था, दूसरे दिन एक भी गेंद नहीं खेली जा सकी।

दोपहर में अम्पायरों ने दूसरे दिन का खेल रद्द करने की घोषणा कर दी। अब केवल 3 दिन का खेल बचा है। सुबह दोनों टीमों के खिलाड़ी मैदान तो पहुंचे थे, बारिश के कारण पूरा मैदान कवर्स से ढंका नजर आया। इसके बाद दोपहर करीब 12 बजे खिलाड़ी वापस होटल लौट गए।
बीच में कुछ देर के लिए बारिश रुकी भी थी, मैदान में पानी भरा होने से खेल नहीं हो सका। इसके बाद दोपहर करीब ढाई बजे बारिश शुरू होने के बाद अम्पायरों ने मैच रैफरी के साथ चर्चा करने के बाद खेल रद्द करने की घोषणा कर दी।
मैच के पहले दिन भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी थी। उसके बाद बल्लेबाजी करने उतरी बांग्लादेश को शुरुआती झटका लग गया था, उसके बाद बारिश की आंख मिचौली चलती रही।
ऐसे में दोपहर 3 बजे बाद अम्पायरों ने खेल खत्म करने की घोषणा कर दी। उस समय तक बांग्लादेश ने 107/3 का स्कोर बना लिया था। मामिनुल हक (40) मुश्फिकुर रहीम (6) क्रीज पर मौजूद हैं।