कानपुर टेस्ट : मैदान की खराब स्थिति के चलते तीसरे दिन का खेल रद्द
कानपुर में भारत-बांग्लादेश के बीच खेला जा रहा सीरीज का दूसरा और आखिरी टेस्ट बारिश की भेंट चढ़ता दिख रहा है। गीले मैदान के कारण तीसरे दिन का खेल रद्द कर दिया गया है। इससे पहले दूसरे दिन भी बारिश के चलते खेल नहीं हो पाया था।

दोपहर में अम्पायरों ने मैदान की खराब स्थिति देखते हुए खेल रद्द करने की घोषणा कर दी। अब केवल 2 दिन का खेल बचा है। कानपुर में सुबह साढ़े 8 बजे के बाद बारिश नहीं हुई, मैदान गीला होने के कारण खेल संभव नहीं हो पाया।
मैदान के कुछ हिस्सों में पानी भरा था, गेंदबाजी रन-अप पर भी गीले पैच थे। ऐसे में अंपायरों ने ग्राउंड्समैन को इन्हें सुखाने की जिम्मेदारी सौंपी, वह इसमें सफल नहीं हो पाए।
ऐसे में दोपहर 2 बजे आखिरी निरीक्षण के बाद अंपायरों ने धूप खिली होने के बाद खेल रद्द करने की घोषणा कर दी। मैच के पहले दिन भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी थी।
उसके बाद बल्लेबाजी करने उतरी बांग्लादेश को शुरुआती झटका लग गया था, उसके बाद बारिश की आंख मिचौली चलती रही। ऐसे में दोपहर 3 बजे बाद अम्पायरों ने खेल खत्म करने की घोषणा कर दी। उस समय तक बांग्लादेश ने 107/3 का स्कोर बना लिया था। मामिनुल हक (40) मुशफिकुर रहीम (6) क्रीज पर हैं।