Trending

महिला टी20 वर्ल्ड कप : वॉर्म अप मैच में भारत की जीत, दक्षिण अफ्रीका से टक्कर कल

महिला टी20 वर्ल्ड कप का आगाज 3 अक्टूबर से होने जा रहा है, मगर इस मेगा इवेंट से पहले आईसीसी ने सभी टीमों को अपनी-अपनी तैयारियों को पुख्ता करने और कंडीशन में ढलने के लिए वॉर्म-अप मैच का आयोजन किया है।

@ICC/Getty Images

हरमनप्रीत कौर की अगुवाई वाली टीम इंडिया ने रविवार (29 सितंबर) की रात वेस्टइंडीज के खिलाफ अपना पहला वॉर्म अप मैच खेला जिसमें भारत ने 20 रनों से जीत हासिल की। भारत की इस जीत में जेमिमा रोड्रिग्स के साथ पूजा वस्त्राकर चमकीं।

दुबई में हुए इस मुकाबले में टॉस हारकर पहले बैटिंग करने उतरी टीम इंडिया की शुरुआत अच्छी नहीं रही। महज 23 के स्कोर पर भारत ने शेफाली वर्मा, स्मृति मंधाना और कप्तान हरमनप्रीत कौर के रूप में तीन स्टार प्लेयर खो दिए थे। इसके बाद जेमिमा रोड्रिग्स और यस्तिका भाटिया ने पारी को संभाला।

@ICC/Getty Images

रोड्रिग्स ने शानदार अर्धशतक जड़ते हुए 40 गेंदों पर 5 चौकों से 52 रनों की पारी खेली। उनकी इस पारी के दम पर भारत निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट पर 141 के स्कोर तक पहुंचने में सफल रहा।

142 रनों के टारगेट का पीछा करने उतरी वेस्टइंडीज के लिए चिनेल हेनरी ने अर्धशतक जड़ा। उन्होंने भारत के खिलाफ 59 रनों की लाजवाब पारी खेली, हालांकि उन्हें दूसरे छोर से और किसी का साथ नहीं मिला जिस वजह से उनकी टीम 20 ओवर में 8 विकेट पर 121 ही रन बना सकी।

पूजा वस्त्राकर ने इस दौरान तीन विकेट चटकाकर भारत की जीत में अहम भूमिका निभाई। भारत का अगला वॉर्म अप मैच 1 अक्टूबर को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ है। बता दें, भारत टी20 वर्ल्ड कप में अपने अभियान का आगाज 4 अक्टूबर से न्यूजीलैंड के खिलाफ करेगा, 6 अक्टूबर को उनका सामना चिर-प्रतिद्वंदी पाकिस्तान से होगा।

भारत के ग्रुप में न्यूजीलैंड और पाकिस्तान के अलावा श्रीलंका और ऑस्ट्रेलिया है जिनसे टीम इंडिया क्रमश: 9 और 13 अक्टूबर को भिड़ेगी।