Trending

कानपुर टेस्ट : यशस्वी व राहुल का धमाल, भारत के पहली पारी में 285 रन, 52 रन की बढ़त

बांग्लादेश के खिलाफ कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में हो रहे दूसरे टेस्ट के चौथे दिन आखिरी सेशन में टीम इंडिया ने 9 विकेट पर 285 रन बनाकर अपनी पहली पारी घोषित कर दी। बांग्लादेश ने अपनी पहली पारी में 233 रन बनाए थे। इस हिसाब से भारतीय टीम ने 52 रन की बढ़त बना ली है।

@BCCI

भारत ने अपनी पहली पारी में तेजी से शुरुआत की। कप्तान रोहित शर्मा ने यशस्वी जायसवाल के साथ मिलकर शुरुआती तीन ओवर में ही 50 रन का आकड़ा पार कर लिया। चौथे ओवर में 55 के स्कोर पर भारत का पहला विकेट गिरा। कप्तान रोहित 11 गेंद में एक चौका और तीन छक्कों से 23 रन बनाकर आउट हुए।

यशस्वी जायसवाल ने भी तेजी से बल्लेबाजी करते हुए 31 गेंद में अर्धशतक जड़ दिया। यशस्वी 51 गेंदों पर ताबड़तोड़ 72 रनों की पारी खेलकर आउट हुए। चौथे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत आए। उन्होंने शुभमन गिल के साथ पारी को आगे बढ़ाया।

भारत को 141 के स्कोर पर तीसरा झटका लगा। शुभमन 36 गेंद में चार चौके और एक छक्के से 39 रन बनाकर आउट हुए। 159 के स्कोर पर चौथा विकेट गिरा। ऋषभ कमाल नहीं कर सके और नौ रन बना कर आउट हुए। विराट कोहली और केएल राहुल ने अर्धशतकीय साझेदारी कर पारी को तेजी से आगे बढ़ाया। भारत का 246 के स्कोर पर पांचवां विकेट विराट कोहली के रूप में गिरा।

कोहली 35 गेंद में 47 रन बनाकर आउट हुए। कोहली के बाद भारत ने कुछ और ओवर बल्लेबाजी की और 9 विकेट पर 285 रन बनाकर पारी घोषित कर दी।

रवींद्र जडेजा ने 8 रन, रविचन्द्र अश्विन एक रन, केएल राहुल 43 गेंद में सात चौके और दो छक्के से 68 रन और आकाश दीप ने 5 गेंदों पर 12 रन बनाए। बांग्लादेश से मेहदी हसन मिराज और शाकिब अल हसन ने चार-चार विकेट लिए, हसन महमूद को एक विकेट मिला।

इससे पहले आज बांग्लादेश की पहली पारी 233 रन पर ढेर हो गई। मोमिनुल हक ने नाबाद शतकीय पारी खेलते हुए 107 रन बनाए। तीन दिन बाद आज सुबह कानपुर में मौसम साफ रहा। बांग्लादेश ने अपने स्कोर 3 विकेट पर 107 रन से आगे खेलना शुरू किया।

बांग्लादेशी टीम अपने स्कोर में केवल 5 रन ही जोड़ पाई थी, तभी बुमराह ने मुश्फिकुर रहीम (11) को बोल्ड कर भारत को चौथी सफलता दिलाई। 148 के स्कोर पर सिराज की गेंद पर रोहित शर्मा ने बेहतरीन कैच लेकर लिटन दास को चलता किया। लिटन ने 13 रन बनाए।

अनुभवी शाकिब कुछ खास नहीं कर सके और केवल 9 रन बनाकर अश्विन का शिकार बने। नियमित अंतराल पर गिर रहे विकेटों के बीच मोमिनुल ने अपना शतक पूरा किया।

224 के कुल स्कोर पर मेहदी हसन मिराज (20) को बुमराह ने पवेलियन भेजा। बांग्लादेश के बाकी बचे 3 विकेट 9 रन पर गिर गए और पूरी टीम 233 रनों पर सिमट गई। मोमिनुल 107 रन बनाकर नाबाद लौटे। भारत के लिए जसप्रीत बुमराह ने 3, रविचंद्रन अश्विन, मोहम्मद सिराज और आकाश दीप ने 2-2 व रवींद्र जडेजा ने 1 विकेट लिया।