Trending

चीन ओपन : अल्कारेज व मेदवेदेव की सेमीफाइनल में टक्कर, सबालेंका की जीत

दुनिया के तीसरे नंबर के खिलाड़ी कार्लोस अल्कारेज ने कारेन खाचानोव के खिलाफ सीधे सेट में जीत के साथ लगातार दूसरे साल चीन ओपन टेनिस टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में जगह बनाई।

© AFP

स्पेन के 21 वर्षीय अल्कारेज ने दुनिया के 27वें नंबर के खिलाड़ी खाचानोव को 7-5, 6-2 से हराया। अल्कारेज ने 12 में से चार ब्रेक प्वाइंट का फायदा उठाया और 96 मिनट में जीत हासिल की।

अल्कारेज की यह सत्र की 46वीं जीत है जिसकी बदौलत यह फ्रेंच ओपन और विंबलडन चैंपियन एटीपी ‘लाइव रैंकिंग’ में एलेक्जेंडर ज्वेरेव को पछाड़कर दूसरे स्थान पर आ गये। सेमीफाइनल में अल्कारेज की टक्कर दानिल मेदवेदेव से होगी। दुनिया के पांचवें नंबर के खिलाड़ी मेदवेदेव ने इटली के फ्लावियो कोबोली को सीधे सेट में 6-2, 6-4 से हराया।

इससे पहले आंद्रे रूबलेव ने बारिश से प्रभावित मैच में एलेजांद्रो डेविडोविच फोकिना को 6-4, 7-5 से हराया। वह क्वार्टर फाइनल में स्थानीय खिलाड़ी बू युनचाओकेट से भिड़ेंगे। महिला एकल में एरिना सबालेंका ने एशलिन क्रूगर को 6-2, 6-2 से हराकर लगातार 14वीं जीत हासिल की।

तीन बार की ग्रैंडस्लैम विजेता सबालेंका अगस्त में सिनसिनाटी ओपन का खिताब जीतने के बाद इस महीने अमेरिकी ओपन का खिताब जीता। उन्होंने जनवरी में ऑस्ट्रेलिया ओपन का खिताब जीता था। सबालेंका अगले दौर में मेडिसन कीज से भिड़ेंगी जिन्होंने ब्राजील की बीट्रिस हदाद माइया को 6-3, 6-3 से हराया।

दुनिया की पूर्व नंबर एक खिलाड़ी नाओमी ओसाका ने केटी वोलीनेट्स को 6-3, 6-2 से हराया और प्री क्वार्टर फाइनल में उनकी भिड़ंत दुनिया की छठे नंबर की खिलाड़ी कोको गॉफ से होगी। दुनिया की पांचवें नंबर की खिलाड़ी जैस्मिन पाओलिनी ने 45वें नंबर की पोलैंड की मेग्दा लिनेट को 6-4, 6-0 से हराया।