ईरानी कप : हवा में छलांग, स्लिप में पडिक्कल ने पकड़ा पृथ्वी शॉ का कैच
मुंबई और रेस्ट ऑफ इंडिया के बीच लखनऊ के इकाना क्रिकेट स्टेडियम में ईरानी कप 2024 का मैच खेला जा रहा है। इस रेड बॉल गेम में रेस्ट ऑफ इंडिया के लिए खेल रहे देवदत्त पडिक्कल ने बेहतरीन कैच पकड़ा और टीम को पहली सफलता दिलाने में अहम भूमिका निभाई।

उन्होंने हवा में छलांग लगाकर स्लिप में कैच पकड़ा और मुंबई की टीम के ओपनर पृथ्वी शॉ को सस्ते में आउट करा दिया। पृथ्वी शॉ कवर की दिशा में शॉट मारने की कोशिश कर रहे थे और गेंद बल्ले का किनारा लेकर स्लिप में चली गई।
मैच में ओवरकास्ट कंडीशन होने के चलते रेस्ट ऑफ इंडिया के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी। कप्तान का ये फैसला काफी हद तक मैच के पहले घंटे में सही साबित हुआ, क्योंकि तीसरे ओवर की पहली गेंद पर पृथ्वी शॉ को मुकेश कुमार ने आउट कर दिया।
मुकेश ने जल्द ही हार्दिक तैमोर को पवेलियन भेज दिया। पृथ्वी शॉ का कैच दूसरे स्लिप में खड़े देवदत्त पडिक्कल ने अपने दाहिने ओर हवा में छलांग लगाकर पकड़ा। एक ही हाथ से उन्होंने तेज जाती गेंद को अपने हाथ में पकड़े रखा और टीम को सफलता दिलाई।
देवदत्त पडिक्कल भारत के लिए टेस्ट डेब्यू कर चुके हैं और दो टी20 इंटरनेशनल मैच भी खेल चुके हैं। इस समय वह रेड बॉल क्रिकेट में अच्छा कर रहे हैं और जरूरत पड़ने पर भारतीय में उनको फिर से मौका मिल सकता है। व्हाइट बॉल क्रिकेट में वे टीम से दूर हैं।
एक टेस्ट मैच में वे 65 रन बनाने में सफल रहे थे। एक ही पारी में उनको बल्लेबाजी करने का मौका मिला था। ये मुकाबला इंग्लैंड के खिलाफ इसी साल मार्च में धर्मशाला में खेला गया था। 2021 में उन्होंने श्रीलंका के दौरे पर टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू किया था और दो पारियों में 38 रन बनाए थे।