Trending

ईरानी कप : अभिमन्यु ईश्वरन का 26वां फर्स्ट क्लास शतक, शेष भारत के 289 रन

ईरानी कप 2024 के मुकाबले में मुंबई का सामना शेष भारत के साथ हो रहा है, मैच के तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक शेष भारत ने 4 विकेट पर 289 रन बना लिए हैं। ये टीम मुंबई से पहली पारी में 248 रन पीछे है। शेष भारत से क्रीज पर अभिमन्यु ईश्वरन शतक लगाकर खेल रहे हैं और उनका साथ धुव जुरैल दे रहे हैं जिन्होंने 30 रन बना लिए हैं।

@BCCIdomestic

मुंबई के खिलाफ पहली पारी में शेष भारत के बल्लेबाज अभिमन्यु ईश्वरन ने शानदार शतकीय पारी खेली और तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक उन्होंने 212 गेंदों पर 151 रन बना लिए थे और क्रीज पर थे। अभिमन्यु ईश्वरन ने अपनी पारी के दौरान एक छक्का और 12 चौके भी लगाए।

पहली पारी में टीम के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ मुंबई के खिलाफ फेल रहे और उन्होंने 9 रन की पारी खेली। साई सुदर्शन ने पहली पारी में 32 रन, देवदत्त पडीक्कल ने 16 रन, इशान किशन 38 रन बनाकर आउट हो गए।

अभिमन्यु ईश्वरन का ये 26वां फर्स्ट क्लास शतक रहा और उन्होंने इस मैच में अपना शतक 117 गेंदों पर पूरा किया। इस मैच की पहली पारी में मुंबई ने शेष भारत के खिलाफ 537 रन बनाए और सरफराज खान ने अपनी टीम के लिए सर्वाधिक रन बनाए।

सरफराज खान ने पहली पारी में 222 रन बनाए और नाबाद रहे। उन्होंने इस पारी के दौरान 286 गेंदों का सामना किया और इस दौरान 4 छक्के और 25 चौके जड़े।

पहली पारी में मुंबई के कप्तान अजिंक्य रहाणे ने 97 रन, श्रेयस अय्यर ने 57 रन की शानदार पारी खेली। निचले क्रम पर खेलते हुए तनुष कोटियान ने 64 रन बनाए, शार्दुल ठाकुर ने 36 रन का योगदान दिया। शेष भारत से पहली पारी में मुकेश कुमार ने सबसे ज्यादा 5 विकेट लिए।