Trending

ईरानी कप : मुलानी व कोटियान की शानदार गेंदबाजी, मुंबई को 274 रन की बढत

शम्स मुलानी और तनुष कोटियान की शानदार गेंदबाजी से मुंबई ने शेष भारत के छह विकेट 23 रन के भीतर चटकाकर ईरानी कप के चौथे दिन अहम बढत बनाई। शेष भारत के लिये अभिमन्यु ईश्वर ने जांबाज पारी खेलते हुए 191 रन बनाये, दूसरे छोर से ध्रुव जुरेल (93) के अलावा उन्हें सहयोग नहीं मिल सका।

@BCCIdomestic

मुंबई के पहली पारी के 537 रन के जवाब में शेष भारत ने एक समय चार विकेट पर 393 रन बनाए थे। जुरेल और ईश्वरन ने पांचवें विकेट के लिये 165 रन जोड़े। मुलानी ने दस मिनट के भीतर दोनों बल्लेबाजों को पवेलियन भेजकर मैच का नक्शा पलट दिया।

शेष भारत पहली पारी में 416 रन पर आउट हो गई जिससे मुंबई को 121 रन की अहम बढत मिली। मुंबई ने दूसरी पारी में छह विकेट पर 153 रन बना लिये हैं और उसकी कुल बढत 274 रन की हो गई है।

मुलानी ने 40 ओवर में 122 रन देकर और कोटियान ने 27 ओवर में 101 रन देकर तीन तीन विकेट झटके। मुंबई के लिये दूसरी पारी में पृथ्वी शॉ ने 105 गेंद में 76 रन बनाये। शेष भारत के आफ स्पिनर सारांश जैन ने 18 ओवर में 67 रन देकर चार विकेट झटके। बायें हाथ के स्पिनर मानव सुतार ने 17 ओवर में 40 रन देकर दो विकेट झटके।

पहले दिन तीन बल्लेबाजों की ऐशगाह लग रहे विकेट पर चौथे दिन 12 विकेट गिरे जिनमें से 11 स्पिनरों ने लिये। पृथ्वी शॉ ने ऐसी कठिन पिच पर पहले कुछ ओवरों में हमलों का डटकर सामना किया। उन्होंने पहले तीन ओवर में मुकेश कुमार को पांच चौके लगाये जिसके बाद रूतुराज गायकवाड़ ने गेंद स्पिनरों को दी।

सारांश और सुतार के आने के बाद मुंबई के विकेट गिरते गए। सुतार ने अजिंक्य रहाणे को और सारांश ने श्रेयस अय्यर को पवेलियन भेजा। पृथ्वी शॉ को सारांश ने बोल्ड किया। शॉ ने 105 गेंद की अपनी पारी में आठ चौके और एक छक्का लगाया।