Trending

महिला टी-20 विश्व कप : भारत को झटका, न्यूजीलैंड ने 58 रन से जीता मुकाबला

महिला टी-20 विश्व कप में भारतीय टीम अपना पहला मुकाबला न्यूजीलैंड टीम के खिलाफ 58 रन से हार गई है। पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड ने 4 विकेट पर 160 रन बनाए थे। जवाब में भारतीय टीम 19 ओवर में 102 रन ही बना पाईं।

@BCCIWomen

कीवी टीम के लिए कप्तान सोफी डिवाइन ने सबसे बड़ी पारी (57) खेली। मैच में न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनी। पहले विकेट के लिए सूजी बेट्स (27) और जॉर्जिया प्लिमर (34) ने 7.4 ओवर में 67 रन की साझेदारी निभाई।

इसके बाद टीम के विकेट तो गिरे, डिवाइन (57) ने एक छोर संभाले रखा। जवाब में भारतीय टीम की शुरुआत खराब रही और स्मृति मंधाना (12), शेफाली वर्मा (2) और हरमनप्रीत कौर (15) जल्द ही पवेलियन लौट गए। कोई भी भारतीय बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल पाया।

डिवाइन ने 36 गेंद का सामना किया और 57 रन बनाए। उनके बल्ले से 7 चौके निकले और उनकी स्ट्राइक रेट 158.33 की रही। ये उनके टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का 21वां अर्धशतक रहा। उन्होंने अभी तक 138 मुकाबले खेले हैं और इसकी 134 पारियों में 18 बार नाबाद रहते हुए 3,334 रन बनाए हैं।

उनके बल्ले से 1 शतक भी निकला है। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 105 रन रहा है। डिवाइन की औसत 28.74 और स्ट्राइक रेट 121.94 की रही है। भारत के खिलाफ डिवाइन के आंकड़े शानदार हैं। वह 12 मैच की 12 पारियों में 2 बार नाबाद रहते हुए 383 रन बना चुकी हैं।

उनकी औसत 38.30 और स्ट्राइक रेट 147.87 की रही है। डिवाइन के बल्ले से 4 अर्धशतक निकले हैं और उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 72 रन है। डिवाइन टी-20 अंतरराष्ट्रीय में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले छठे स्थान पर आ गईं हैं। उन्होंने श्रीलंका महिला क्रिकेट टीम की चमारी अटापट्टू (3,332) को पीछे छोड़ा है।

न्यूजीलैंड के सभी गेंदबाजों ने मैच में अच्छा प्रदर्शन किया। रोजमेरी मैयर ने सबसे ज्यादा 4 विकेट झटके। उन्होंने 4 ओवर में सिर्फ 19 रन खर्च किए। ये उनके टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का सबसे बेहतरीन प्रदर्शन है।

ली ताहुहु ने 3 विकेट झटके। उन्होंने 4 ओवर में 15 रन देकर ये विकेट लिए। ईडन कार्सन ने 2 बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। भारतीय बल्लेबाजों के पास इन गेंदबाजों का कोई जवाब ही नहीं था।