Trending

ईरानी कप : रहाणे की कप्तानी में मुंबई ने खत्म किया 27 साल का सूखा, 15वीं बार चैंपियन

लखनऊ। इकाना स्टेडियम में ईरानी कप में मुंबई बनाम शेष भारत का मुकाबला ड्रॉ पर खत्म हुआ, पहली पारी में मिली बढ़त के चलते मुंबई को विजेता घोषित किया गया और अजिंक्य रहाणे की कप्तानी में टीम ने 27 साल के बाद ईरानी कप का खिताब जीता।

मुंबई ने 15वीं बार व रहाणे की कप्तानी में पहली बार ये खिताब जीता। मैच में नाबाद दोहरा शतक लगाने वाले सरफराज खान को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

दोनों टीमों के बीच खेला गया ये मैच ड्रॉ रहा, वो सरफराज खान ही थी जिनकी पारी की वजह से मुंबई ने पहली पारी में विशाल स्कोर बनाया और उन्हें पहली पारी में बढ़त हासिल हुई थी।

इस मैच में मुंबई ने पहले बल्लेबाजी की थी जिसमें सरफराज खान ने नाबाद 222 रन की पारी खेली थी और इसके दम पर ही मुंबई ने 537 रन का विशाल स्कोर शेष भारत के सामने खड़ा किया।

पहली पारी में शेष भारत ने अभिमन्यू ईश्वरन की 191 रन की पारी से 416 रन बनाए, पहली पारी में मुंबई को 121 रन की बढ़त मिली थी। 121 रन की बढ़त हासिल करने के बाद मुंबई ने दूसरी पारी में 8 विकेट पर 329 रन बनाए और टीम की कुल बढ़त 450 रन की हो गई थी।

इसके बाद मैच को ड्रॉ घोषित कर दिया गया था। दूसरी पारी में मुंबई के लिए तनुश कोटियन ने 150 गेंदों पर एक छक्का और 10 चौकों से नाबाद 114 रन की पारी खेली।

ओपनर बल्लेबाज पृथ्वी शॉ ने दूसरी पारी में टीम के लिए अहम 76 रन बनाए। दूसरी पारी में शेष भारत के गेंदबाज शारांश जैन ने दमदार गेंदबाजी करते हुए 6 विकेट झटके। इस मैच की पहली पारी में शेष भारत के तेज गेंदबाज मुकेश कुमार ने 5 विकेट लिए थे।