महिला टी-20 विश्व कप : भारत की पहली जीत, पाकिस्तान को 6 विकेट से हराया
महिला टी-20 विश्व कप में भारतीय महिला टीम ने पाकिस्तान महिला टीम को 6 विकेट से हराया है। इससे पहले भारत को न्यूजीलैंड के खिलाफ हार मिली थी। पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 8 विकेट पर 105 रन बनाया था।

जवाब में भारत ने 18.5 ओवर में 4 विकेट खोकर लक्ष्य को प्राप्त कर लिया। पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनी। उनका ये फैसला गलत साबित हुआ और कोई भी बल्लेबाज 30 रन भी नहीं बना पाया। अरुंधति रेड्डी ने सबसे ज्यादा 3 विकेट झटके।
जवाब में भारत को पहला झटका स्मृति मंधाना (10) के रूप में लगा। शेफाली वर्मा (32) और जेमिमा रोड्रिग्स (23) ने पारी संभाली, फिर 3 बल्लेबाज पवेलियन लौट गईं। हरमनप्रीत कौर और दीप्ति शर्मा ने संभलकर खेलते हुए टीम को जीत दिलाई।
भारत की सभी गेंदबाजों का मुकाबले में प्रदर्शन अच्छा रहा। अरुंधति ने 4 ओवर में सिर्फ 19 रन खर्च किए और 3 बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। उनकी इकॉनमी रेट 4.80 की रही। श्रेयंका पाटिल ने 4 ओवर में 1 मेडन ओवर के साथ सिर्फ 12 रन खर्च किए और 2 बल्लेबाजों को आउट किया। उनकी इकॉनमी रेट सिर्फ 3 की रही।
रेणुका सिंह, दीप्ति शर्मा और आशा शोभना को 1-1 सफलता मिली। अरुंधति ने अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का सबसे बेहतरीन गेंदबाजी प्रदर्शन किया है। पहले मुकाबले में भी इस खिलाड़ी ने अच्छी गेंदबाजी की थी और 28 रन देकर 1 विकेट झटके थे।
अभी तक इस तेज गेंदबाज ने 31 टी-20 अंतरराष्ट्रीय खेले हैं और 25 विकेट झटके हैं। टी-20 विश्व कप में इस खिलाड़ी के नाम 8 विकेट है। पाकिस्तान के खिलाफ 2 विश्व कप मुकाबलों में इस खिलाड़ी ने 4 विकेट लिए हैं।
इस विश्व कप में भारतीय महिला टीम ने अपना पहला मुकाबला न्यूजीलैंड महिला टीम के खिलाफ 58 रन से हार गई थी। रनों के मामले में भारत की न्यूजीलैंड के खिलाफ यह सबसे बड़ी हार थी।
पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड ने 4 विकेट खोकर 160 रन बनाए थे। जवाब में भारत 19 ओवर में सिर्फ 102 रन ही बना पाई। कीवी टीम के लिए कप्तान सोफी डिवाइन ने सबसे बड़ी पारी (57) खेली थी।