Trending

पहला टी-20 : अर्शदीप व चक्रवर्ती का कमाल, भारत ने 7 विकेट से जीता मुकाबला

टीम इंडिया ने बांग्लादेश के खिलाफ पहला टी-20 मैच 7 विकेट से जीता। साथ ही भारत ने 3 मैचों की टी-20 सीरीज में 1-0 की बढ़त ले ली है।

@BCCI

पहले बल्लेबाजी करते हुए बांग्लादेश ने 19.5 ओवर में 127 रन बनाए थे। उनका कोई भी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल पाया। भारत ने 11.5 ओवर में लक्ष्य प्राप्त कर लिया। भारतीय टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी। उनका यह फैसला सही साबित हुआ 57 रन तक टीम के 5 बल्लेबाज पवेलियन लौट गए थे।

मेहदी हसन मिराज ने बांग्लादेश के लिए 35 रन की पारी खेली। अर्शदीप सिंह और वरुण चक्रवर्ती ने 3-3 विकेट झटके। जवाब में अभिषेक शर्मा (16) जल्द पवेलियन लौट गए। सूर्यकुमार (29), हार्दिक पांड्या (39) और संजू सैमसन (29) की पारियों से भारत को जीत मिली।

@BCCI

हार्दिक नंबर-5 पर बल्लेबाजी करने आए और 16 गेंदों में 39 रन जडे़। उनके बल्ले से 5 चौके और 2 छक्के निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 243.75 की रही। एक समय लगा कि बांग्लादेश मैच में वापसी करेगी, हार्दिक ने ऐसा नहीं होने दिया।

भारतीय गेंदबाजों ने कमाल का खेल दिखाया। अर्शदीप ने 3.5 ओवर में 14 रन देकर 3 विकेट लिए। उनकी इकॉनमी 3.70 की रही। वरुण ने 4 ओवर में 31 रन देकर 3 विकेट लिए। मयंक यादव ने 4 ओवर में 1 मेडन डाला और 21 रन देकर 1 विकेट अपने नाम किए।

हार्दिक पांड्या ने 4 ओवर में 26 रन खर्च किए और उनके खाते में भी 1 विकेट आया। नीतीश रेड्डी ने 2 ओवर में 17 रन दिए। मयंक ने अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का पहला ओवर मेडन डाला। वह ऐसा करने वाले भारत के 5वें गेंदबाज बने हैं।

@BCCI

सबसे पहले साल 2006 में टीम इंडिया के लिए यह कारनामा पूर्व तेज गेंदबाज और अभी चयनकर्ता अजीत अगरकर ने किया था। खलील अहमद (2018), नवदीप सैनी (2019) और अर्शदीप (2022) ने भी अपने डेब्यू टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले का पहला ओवर मेडन डाला था।

मयंक ने आईपीएल का शानदार फॉर्म जारी रखा है। सूर्यकुमार टी-20 अंतरराष्ट्रीय में छक्के लगाने के मामले में इंग्लैंड के कप्तान जोस बटलर (137) से आगे निकल गए हैं। भारतीय कप्तान के नाम 139 छक्के हैं।

टी-20 क्रिकेट में सूर्यकुमार के सुरेश रैना से ज्यादा छक्के हो गए हैं। सूर्या भारतीय प्लेयर्स में चौथे स्थान पर हैं। रैना के 325 छक्के थे और सूर्यकुमार के 328 छक्के हो गए हैं। उनके आगे महेंद्र सिंह धोनी (338), विराट कोहली (416) और रोहित शर्मा (525) हैं।