Trending

महिला टी-20 विश्व कप : वेस्टइंडीज ने स्कॉटलैंड को छह विकेट से हराया

एफी फ्लेचर (3 विकेट) और शिनेल हेनरी (1 विकेट) की गेंदबाजी के बाद किआना जोसेफ (31 रन) और डिएंड्रा डॉटिन (नाबाद 28 रन) की बल्लेबाजी से वेस्टइंडीज ने महिला टी20 विश्व कप में स्कॉटलैंड को छह विकेट से हराया।

@T20WorldCup

वेस्टइंडीज ने स्कॉटलैंड को आठ विकेट पर 99 रन पर ढेर करने के बाद 11.4 ओवर में चार विकेट पर लक्ष्य हासिल किया। जोसेफ ने 18 गेंद की पारी में तीन चौके और एक छक्का, डॉटिन ने 15 गेंद की नाबाद पारी में दो चौके और दो छक्के लगाये।

शिनेल हेनरी ने 10 गेंद में दो चौके और एक छक्के से नाबाद 18 रन बनाए। डॉटिन और हेनरी ने 20 गेंद में 42 रन की साझेदारी कर टीम को 50 गेंद शेष रहते जीत दिलाई। स्कॉटलैंड के लिए ओलिविया बेल ने दो, रेचल स्लेटर और प्रियानाज चटर्जी ने एक-एक विकेट लिये।

वेस्टइंडीज के लिए फ्लेचर ने चार ओवर में 22 रन देकर तीन विकेट झटके, हेनरी ने चार ओवर में सिर्फ 10 रन खर्च कर एक विकेट लिया। हेली मैथ्यूज और करिश्मा रामहैरक को एक सफलता मिली।  स्कॉटलैंड के लिए कप्तान कैथरिन ब्राइस (25) और एयलसा लिस्टर (26) ही 20 रन के आंकड़े को पार कर सकें।

पहले मैच में दक्षिण अफ्रीका से हारने के बाद वेस्टइंडीज को लक्ष्य का पीछा करते समय पहले ओवर में ही स्टेफनी टेलर (04) का विकेट गंवाना पड़ा। जोसेफ ने तीसरे और चौथे ओवर में छक्का और चौका लगाकर हाथ खोला।

प्रियानाज ने छठे ओवर में मैथ्यूज (08) की पारी को खत्म किया, बेल ने शमैन कैंपबेल (02) का अपनी ही गेंद पर शानदार कैच लपका। जोसेफ की आक्रामक पारी को बेल ने प्रियानाज के हाथों कैच कराकर खत्म किया।

डॉटिन और हेनरीने आक्रामक रूख अपना कर स्कॉटलैंड के गेंदबाजों को मौका नहीं दिया। इससे पहले टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला स्कॉटलैंड को भारी पड़ी। उसके दोनों सलामी बल्लेबाज सस्किया हॉर्ली (11) और सेरा ब्राइस (02) तीसरे ओवर तक पवेलियन लौट गये।

कप्तान मैथ्यूज ने हॉर्ली की नौ गेंद में दो चौके मारकर पारी को खत्म किया, हेनरी ने ब्राइस को बोल्ड किया। ब्राइस और लिस्टर ने तीसरे विकेट के लिए 46 रन की साझेदारी की, उन्होंने इसके लिए 58 गेंद लेकर रन गति को धीमा रखा। 

इस साझेदारी को फ्लेचर ने 13वें ओवर में तोड़ा। उन्होंने अगली गेंद पर प्रियानाज के खाता खोले बगैर पवेलियन की राह दिखायी। लॉरना जैक (11) और डार्सी कार्टर (नाबाद 14) के उपयोगी योगदान के बावजूद स्कॉटलैंड 100 रन के आंकड़े को छूने में नाकाम रहा। इस जीत से वेस्टइंडीज तालिका में शीर्ष पर आ गयी। स्कॉटलैंड दो मैचों में दो हार के बाद सबसे नीचे है।