भारत के खिलाफ पहले टेस्ट में कीवी टीम से नहीं खेलेंगे केन विलियमसन
भारत के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए न्यूजीलैंड की टीम की घोषणा हो गयी है। तीन मैचों की सीरीज के लिए टॉम लैथम को कप्तान बनाया गया है। वे फुल टाइम कैप्टन बनने के बाद पहली बार टीम की कप्तानी करेंगे। मंगलवार रात को जारी टीम में मार्क चैपमैन को अवसर दिया गया है, ईश सोढ़ी की दूसरे और तीसरे टेस्ट के लिए लौटेंगे।

पूर्व कप्तान केन विलियमसन को चोटिल होने के बावजूद भी स्क्वॉड में शामिल किया गया है। इंडिया और न्यूजीलैंड के बीच तीन टेस्ट की सीरीज 16 अक्टूबर से शुरू हो रही है। पहला मुकाबला बेंगलुरु में चिन्नास्वामी स्टेडियम में होगा।
दिग्गज बल्लेबाज केन विलियमसन इंडिया के खिलाफ टेस्ट सीरीज से ठीक पहले चोटिल हो गए हैं। उन्हें श्रीलंका के खिलाफ दूसरे टेस्ट के दौरान ग्रेन स्ट्रेन इंजरी हो गई है। वे पहला टेस्ट नहीं खेलेंगे। टीम के सिलेक्टर सैम वेल्स ने कहा कि हमें उम्मीद है कि वे तीन मैचों की सीरीज के आखिरी मुकाबलों के लिए उपलब्ध होंगे।
बैटिंग ऑलराउंडर मार्क चैपमैन को पहली बार टेस्ट टीम में शामिल किया गया है। उन्हें चोटिल विलियमसन की जगह चुना गया। फर्स्ट क्लास क्रिकेट में चैपमैन का एवरेज 42.81 है, जिसमें 6 शतक शामिल हैं। उन्होंने 44 मैचों में 2954 रन बनाए हैं।
चैपमैन ने पिछले समर सीजन में एसेस प्लंकेट शील्ड के तीन मैचों में 40 की औसत से 245 रन बनाए थे। इनमें फरवरी में डुनेडिन में ओटागो वोल्ट्स के खिलाफ बनाए गए 123 रन भी शामिल हैं।
ऑलराउंडर माइकल ब्रेसवेल को बेंगलुरु में 16 अक्टूबर से होने जा रहे पहले टेस्ट के लिए टीम का हिस्सा बनाया गया है। वे दूसरे बच्चे के जन्म के लिए स्वदेश लौटेंगे। दूसरे और तीसरे टेस्ट में ईश सोढ़ी उनकी जगह लेंगे।
इंडिया टूर (न्यूजीलैंड स्क्वॉड)
टॉम लैथम (कप्तान), टॉम ब्लंडेल (विकेटकीपर), माइकल ब्रेसवेल (पहले टेस्ट के लिए), मार्क चैपमैन, डेवोन कॉन्वे, मैट हेनरी, डेरिल मिचेल, विलियम ओरूर्क, एजाज पटेल, ग्लेन फिलिप्स, रचिन रविंद्र, मिशेल सेंटनर, बेन सियर्स, ईश सोढ़ी (दूसरा और तीसरा टेस्ट), टिम साउदी, केन विलियमसन और विल यंग