अनमोलजीत- एनान की घातक गेंदबाजी, भारतीय अंडर-19 टीम की जीत
अनमोलजीत सिंह (नौ विकेट) और मोहम्मद एनान (सात विकेट) की बेहतरीन गेंदबाजी से भारत की अंडर-19 टीम ने दूसरे चार दिवसीय टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया को और 120 रन से हराया।

मेजबान टीम ने मैच के तीसरे दिन बुधवार को कंगारू टीम को पहली पारी में 277 पर समेटने के बाद उसे दूसरी पारी में 95 रन पर ही ढेर करके बड़ी जीत दर्ज की। मेहमान टीम ने सुबह कल के तीन विकेट पर 142 रन से आगे खेलना शुरू किया।
उसका चौथा विकेट 208 के स्कोर पर ली यंग (66) के रूप में गिरा जिन्हें अनमोलजीत ने आउट किया। इसके बाद लगातार विकेट गिरते रहे।
इस दौरान कप्तान ऑलिवर पिक ने शतक पूरा किया। उन्हें अनमोलजीत ने आउट किया। ऑलिवर ने 16 चौके और एक छक्का लगाते हुए 117 रन बनाए। अंत में ऑस्ट्रेलिया की पूरी टीम पहली पारी 277 रन पर ढेर हो गई।
भारत की ओर से अनमोलजीत और मोहम्मद एनान ने चार-चार विकेट लिए। समर्थ नागराज ने एक बल्लेबाज को आउट किया। पहली पारी में 215 रन से पिछड़ने के बाद भारत ने ऑस्ट्रेलिया को फॉलोऑन दिया।
उसकी दूसरी पारी में शुरुआत भी खराब रही। उसने 24 के स्कोर पर रिले किंगसेल (2) का विकेट गंवाया। साइमन बड्ज (26) और स्टीवन होगन (29) ही कुछ देर टिक सके। हैरी होएकस्त्रा (20) ही दहाई के आंकड़े तक पहुंच सके। चार बल्लेबाज तो खाता भी नहीं खोल सके।
कंगारू टीम दूसरी पारी में 95 रन पर ढेर हो गई। भारत के लिए अनमोलजीत ने पांच और मोहम्मद एनान ने तीन विकेट लिए। चेतन शर्मा ने एक बल्लेबाज को आउट किया।