Trending

महिला टी-20 विश्व कप : मंधाना व हरमनप्रीत का अर्धशतक, भारत की उम्मीद बरकरार

महिला टी-20 विश्व कप में भारतीय महिला टीम ने श्रीलंका महिला टीम को 82 रन से हराया। इस विश्व कप में उनकी लगातार दूसरी जीत है। टी-20 विश्व कप में रनों के लिहाज से भारत की यह सबसे बड़ी जीत भी है। इस जीत के साथ भारत ने सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीद कायम रखी।

@T20WorldCup

इसी के साथ रन रेट में सुधार होने के साथ ही भारत ग्रुप ए की तालिका में दूसरे स्थान पर पहुंच गया है। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 172 रन बनाए थे। जवाब में श्रीलंका 90 रन ही बना पाई। भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनी थी। उनका यह फैसला सही साबित हुआ और पहले विकेट के लिए शेफाली वर्मा (43) और स्मृति मंधाना (50) ने 98 रन जोड़ दिए।

हरमनप्रीत ने 52 रनों की शानदार पारी खेली। श्रीलंका का कोई भी गेंदबाज मुकाबले में अपनी छाप नहीं छोड़ पाया। जवाब में श्रीलंका की बल्लेबाजी कुछ खास नहीं रही और भारतीय टीम को आसानी से जीत दर्ज की।

मंधाना ने 38 गेंदों में 50 रन बनाए। उनके बल्ले से 4 चौके और 1 छक्का निकला। उनकी स्ट्राइक रेट 131.58 की रही। ये उनके टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का 27वां और श्रीलंका के खिलाफ तीसरा अर्धशतक रहा।

श्रीलंका के खिलाफ मंधाना ने 21 मुकाबले खेले हैं और इसकी 20 पारियों में 23.83 की औसत से 429 रन बनाने में सफल रही हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 60 रन है। भारत के लिए 144 मैच में मंधाना ने 3,562 रन बनाए हैं।

हरमनप्रीत ने 27 गेंदों का सामना किया और 52 रन बनाए। उनके बल्ले से 8 चौके और 1 छक्का निकला। उनकी स्ट्राइक रेट 192.59 की रही। भारतीय कप्तान ने सिर्फ 27 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। यह उनके टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का 13वां और श्रीलंका के खिलाफ दूसरा अर्धशतक रहा।

हरमनप्रीत ने 176 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं। इसकी 156 पारियों में वह 33 बार नाबाद रहते हुए 28.63 की औसत से 3,522 रन बनाने में सफल रही हैं।

हरमनप्रीत ने टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 3,500 रन पूरे किए। वह न्यूजीलैंड महिला टीम की सूजी बेट्स (4,481) और मंधाना (3,562) के बाद यह उपलब्धि हासिल करने वालीं सीर्फ तीसरी बल्लेबाज हैं। उन्होंने अपना टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का सबसे तेज अर्धशतक (27 गेंद) भी जड़ा।

शेफाली ने अपनी 43 रन की पारी के दौरान टी-20 अंतरराष्ट्रीय में 2,000 रन पूरे कर लिए। वह यह उपलब्धि हासिल करने वाली सबसे युवा खिलाड़ी (20 साल 255 दिन) बनी हैं। भारत के लिए अरुंधति रेड्डी और आशा शोभना ने 3-3 विकेट लिए। दोनों ने 4 ओवर गेंदबाजी की और सिर्फ 19 रन खर्च किए। दोनों की इकॉनमी रेट 4.80 की रही।

रेणुका सिंह ने 4 ओवर में 16 रन देकर 2 बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। श्रेयंका पाटिल ने 4 ओवर में सिर्फ 15 रन दिए और 1 सफलता हासिल की। दीप्ति शर्मा ने 3.5 ओवर गेंदबाजी की और 16 रन देकर 1 विकेट झटका।