Trending

रणजी ट्रॉफी : अंतरराष्ट्रीय करियर पटरी पर लाना चाहेंगे श्रेयस अय्यर व ईशान किशन

श्रेयस अय्यर और ईशान किशन रणजी ट्रॉफी से अपने अंतरराष्ट्रीय करियर को पटरी पर लाना चाहेंगे। इन दोनों के अलावा शानदार फॉर्म में चल रहे अभिमन्यु ईश्वरन, साई सुदर्शन और रुतुराज गायकवाड़ पर भी सबकी निगाह रहेगी।

साभार : गूगल

पूर्व भारतीय दिग्गज चेतेश्वर पुजारा और अजिंक्य रहाणे भी दम दिखाएंगे। कई युवा खिलाड़ी भी शुक्रवार से शुरू होने वाले इस घरेलू टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन कर चयनकर्ताओं को प्रभावित करना चाहेंगे।

केंद्रीय अनुबंध गंवाने के बाद श्रेयस और ईशान दोनों भारत में वापसी की राह देख रहे हैं। श्रेयस ने वनडे टीम में वापसी की थी पर कोई प्रभाव नहीं छोड़ पाए। अब वह लाल गेंद से शानदार प्रदर्शन कर टेस्ट टीम में अपनी जगह बनाना चाहेंगे।

उन्होंने पिछले चार प्रथम श्रेणी मैचों में तीन अर्धशतक जड़े हैं। श्रेयस ने टीम इंडिया का हिस्सा बनने से पहले 2015-16 रणजी सत्र में 1321 रन बनाए थे। वहीं, ईशान ने शतकीय पारी खेलकर अपना दावा ठोंका है। ईशान ने झारखंड की कप्तानी स्वीकार करके चयनकर्ताओं को संकेत दे दिए हैं। इन दोनों की राह आसान नहीं है।

ईश्वरन, गायकवाड़ और सुदर्शन ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए रिज़र्व ओपनर की दौड़ में हैं। ईश्वरन का दावा अन्य दोनों की तुलना में अधिक मज़बूत है। उन्होंने पिछली चार प्रथम श्रेणी पारियों में तीन शतक जड़े हैं। इसमें ईरानी कप में शेष भारत के लिए खेली गई 191 रनों की पारी भी है।

वह रणजी में धमाल मचाकर भारतीय टीम में जगह बनाने का इंतजार इस बार खत्म करना चाहेंगे। रुतुराज ने दलीप ट्रॉफी की छह पारियों में 38.66 की औसत से 232 तो सुदर्शन ने इतनी ही पारियों में 35.16 की औसत से 211 रन बनाए। टीमों की बात करें तो 42 बार की चैंपियन मुंबई पर निगाह होंगी। उसके पास रहाणे, पृथ्वी और श्रेयस जैसे खिलाड़ी हैं। सरफराज भारतीय टीम के साथ होने की वजह से नहीं खेलेंगे तो उनके छोटे भाई मुशीर चोटिल हैं।

मध्यप्रदेश को ऑफ स्पिन हरफनमौला सारांश जैन की कमी पहले दौर में खल सकती है जो ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए भारत ए टीम का हिस्सा हो सकते हैं। कर्नाटक की निगाह विदवत कावेरप्पा और विशाख विजयकुमार पर रहेंगी, मुकेश कुमार बंगाल के लिए एक मैच खेल सकते हैं जिसके बाद उन्हें भारत ए के साथ दौरे पर जाना है।