Trending

मुल्तान टेस्ट : पाकिस्तान की शर्मनाक हार, सीरीज पर इंग्लैंड ने बढ़त हासिल की

इंग्लैंड टीम ने पहले टेस्ट में पाकिस्तान टीम को हराते हुए 3 मैचों की सीरीज में 1-0 से बढ़त हासिल की। मुल्तान में हुए टेस्ट में पाकिस्तान को पारी और 47 रन से हार मिली। मैच के पांचवें दिन के दौरान पाकिस्तान की दूसरी पारी 220 रन ढेर हुई। इंग्लैंड से जैक लीच ने 4 विकेट लेते हुए पारी को समेटने में अहम भूमिका निभाई।

@englandcricket

पाकिस्तान ने पहली पारी में 556 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया था। टीम से कप्तान शान मसूद (151), सलमान अली आगा (104) और अब्दुल्ला शफीक (102) ने शतक लगाए थे। जवाब में जो रूट (262) और हैरी ब्रूक (317) से 7 विकेट पर 823 के स्कोर पर अपनी पारी घोषित की।

पहली पारी के आधार पर 267 रन से पिछड़ने वाली पाकिस्तानी टीम अपनी दूसरी पारी में सस्ते में सिमट गई। मसूद ने पहली पारी में 13 चौकों और 2 छक्कों से 151 रन बनाए। यह बतौर कप्तान उनका पहला शतक रहा। इसके साथ-साथ यह उनके टेस्ट करियर का कुल पांचवां शतक साबित हुआ।

अपनी शतकीय पारी के दौरान उन्होंने अपने 2000 टेस्ट रन भी पूरे किए। दूसरी पारी में वह सिर्फ 11 रन बनाकर आउट हुए। शफीक सलामी बल्लेबाज के तौर पर मैदान में उतरे थे। पहली पारी में उन्होंने बड़े आराम से अपनी पारी को आगे बढ़ाया।

उन्होंने 184 गेंदों में 10 चौके और 2 छक्के से 102 रन की पारी खेली। इस बीच उन्होंने मसूद के साथ मिलकर 338 गेंदों में 253 रन की साझेदारी निभाई। यह उनके टेस्ट करियर का पांचवां शतक रहा। अपनी दूसरी पारी में वह अपना खाता भी नहीं खोल सके।

आगा ने पाकिस्तान की पहली पारी के दौरान 10 चौकों और 3 छक्कों से नाबाद 104 रन बनाए। यह इंग्लिश टीम के विरुद्ध उनके बल्ले से निकलने वाला पहला शतक रहा। उन्होंने निचले क्रम में शाहीन अफरीदी का अच्छा साथ मिला। इस जोड़ी ने मिलकर नौवें विकेट के लिए 85 रन की साझेदारी करते हुए टीम का स्कोर 550 के करीब पहुंचाया। अपनी इस पारी के दौरान उन्होंने टेस्ट करियर में 1,000 रन भी पूरे किए।

रूट ने अपना छठा दोहरा शतक लगाया। उन्होंने इस मामले में ग्रीम स्मिथ, एलेस्टेयर कुक और राहुल द्रविड़ को पीछे छोड़ा है। इन बल्लेबाजों ने 5-5 दोहरे शतक लगाए थे। रूट ने सचिन तेंदुलकर, रिकी पोंटिंग, यूनिस खान, जावेद मियांदाद, केन विलियमसन, मार्वन अटापट्टू और वीरेंद्र सहवाग की बराबरी हासिल की है।

इंग्लैंड की ओर से रूट से ज्यादा दोहरे शतक सिर्फ वैली हैमंड (7) ने लगाए हुए हैं। रूट अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 20,000 रन बनाने वाले इंग्लैंड के पहले और विश्व के 13वें बल्लेबाज बन गए हैं।

इंग्लिश बल्लेबाजों में सभी प्रारूपों में दूसरे सबसे ज्यादा रन कुक (15,737) ने बनाए हैं। रूट ने 458 अंतरराष्ट्रीय पारियों में ये ऐतिहासिक आंकड़ा छूआ है। भारत के विराट कोहली (417) व तेंदुलकर (453) और वेस्टइंडीज के ब्रायन लारा (453) उनसे कम पारियों में ये आंकड़ा पार कर चुके हैं।

मुल्तान टेस्ट के दौरान ही रूट इंग्लैंड की ओर से टेस्ट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बने थे। उन्होंने रनों के मामले में कुक (12,472) को पीछे छोड़ा था। इसके साथ-साथ रूट 2024 में संयुक्त रूप से सबसे अधिक टेस्ट शतक (5) बनाने वाले खिलाड़ी हैं।

वह आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप में 5,000 रन पूरे करने वाले पहले खिलाड़ी भी बने थे। उनके बाद दूसरे सर्वाधिक रन ऑस्ट्रेलिया के मार्नस लाबुशेन (3,904) ने बनाए हैं। ब्रूक ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 278 गेंदों में अपना पहला तिहरा शतक पूरा किया। यह इतिहास में दूसरा सबसे तेज तिहरा शतक है।

गेंदों के लिहाज से उनसे तेज ये कारनामा वीरेंद्र सहवाग कर चुके हैं। बता दें कि पूर्व भारतीय सलामी बल्लेबाज ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ चेन्नई में 278 गेंदों में तिहरा शतक पूरा किया था। इस सूची में तीसरे स्थान पर मैथ्यू हेडन (362 गेंदे बनाम जिम्बाब्वे) हैं।

ब्रूक और रूट की जोड़ी ने मिलकर चौथे विकेट के लिए 454 रन की साझेदारी की। यह इंग्लैंड के लिए किसी भी विकेट की सबसे बड़ी साझेदारी हो गई है। इस जोड़ी ने पीटर मे और कॉलिन काउड्रे के 67 साल पहले रिकॉर्ड को तोड़ा, जिन्होंने 411 रन की साझेदारी की थी। इन 2 मौकों के अलावा किसी अन्य इंग्लिश जोड़ी ने 400 रन की साझेदारी नहीं निभाई है।

ब्रूक इंग्लैंड की ओर से तिहरा शतक लगाने वाले छठे बल्लेबाज बने हैं। उनसे पहले ग्राम गूच, लियोनार्ड हटन, वैली हैमंड, एंडी सैंडहम और जॉन एडरिक तिहरा शतक लगाने का कारनामा कर चुके हैं। ब्रूक और रूट की पारियों से इंग्लैंड ने अपनी पहली पारी 823/7 के स्कोर पर घोषित की।

इंग्लिश टीम ने तीसरी बार टेस्ट में 800 रन का आंकड़ा पार किया है। बता दें कि टेस्ट इतिहास में इंग्लैंड का सबसे बड़ा स्कोर 903/7 है, जो उन्होंने 1938 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बनाया था। इंग्लैंड ने 1930 में वेस्टइंडीज के विरुद्ध 849 रन बनाया था।