वेस्ट बैंक पर हुए हवाई हमले में मारा गया फिलिस्तीनी इस्लामिक जिहाद प्रमुख, इजराइली सेना ने किया दावा

 इनदिनों इजराइल हमासा और हिजबुल्लाह के ठिकानों पर लगातार हमले कर रहा है. लेबनान के बेरूत में एयरस्ट्राइक के साथ इजराइल ने वेस्ट बैंक पर भी हवाई हमला किया है.

 इजरायल और हमास के बीच शुरू हुई जंग को एक साल बीत चुकी है, लेकिन दोनों ओर से हमले अभी भी जारी हैं. इस बीच इजराइली सेना ने दावा किया है उसने गुरुवार को सेंट्रल वेस्ट बैंक के नूर शम्स शरणार्थी शिविर पर हवाई हमला कर फिलिस्तीनी इस्लामिक जिहाद  समूह के प्रमुख को मार गिराया. इजराइल डिफेंस फोर्स (IDF) ने कहा कि मुहम्मद अब्दुल्ला अपने पूर्ववर्ती मुहम्मद जब्बार के अगस्त में मारे जाने के बाद तुलकेरेम-क्षेत्र शिविर में ईरान समर्थित आतंकवादी समूह का प्रमुख बनाया गया था.

अब्दुल्ला के साथ एक और आतंकी ढेर

आईडीएफ का कहना है इस हमले में अब्दुल्ला के साथ एक और आतंकवादी भी मारा गया है. हालांकि, अभी तक दूसरे आतंकी का नाम सामने नहीं आया है. इज़रायली सेना ने कहा कि मुहम्मद अब्दुल्ला कई हमलों सहित समूह की गतिविधियों का आयोजन करता था. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इसमें उन पर इजरायली सैनिकों के खिलाफ विस्फोटक तैनात करने का आरोप लगाया गया.

हथियार भी किए जब्त

इज़राइली सेना ने कहा कि ज़मीन पर मौजूद सैनिकों ने मारे गए आतंकियों के पास से सेमी ऑटोमेटिक राइफलें और फ़्लैक-जैकेट जब्त किए हैं. मीडिया रिपोर्ट में कहा गया कि सैनिकों ने मारे गए आतंकियों के शवों को भी जब्त कर लिया. एयरस्ट्राइक में मारे गए दूसरे आतंकी का नाम अवद उमर बताया गया है.

बेरूत में हिजबुल्लाह के ठिकानों को बनाया निशाना

इसके अलावा आईडीएफ ने बुधवार को बेरूत के दहिह जिले में हिजबुल्लाह के दो प्रमुख ठिकानों पर हमला किया. इन टार्गेट अटैक में आतंकवादी समूह के खुफिया मुख्यालय और एक प्रमुख हथियार निर्माण सुविधा को निशाना बनाया. इस बारे में आईडीएफ ने एक्स पर एक पोस्ट साझा करते हुए कहा, “देखिए दहिह क्षेत्र में नागरिक बुनियादी ढांचे के बगल में एक हथियार उत्पादन सुविधा कितनी करीब थी.”

स्कूल-आवासीय भवनों में छिपा रखे हैं हथियार

आईडीएफ के मुताबिक, हिजबुल्लाह ने जानबूझकर आवासीय भवनों, स्कूलों, मस्जिदों और विश्वविद्यालयों के नीचे अपने हथियार भंडारण सुविधाओं को स्थापित किया, जिससे क्षेत्र में नागरिक आबादी खतरे में पड़ गई. इज़राइल ने कहा कि उसने आसपास के इलाकों में रहने वाले लोगों को यहां से चले जाने की चेतावनी दी है.