महिला टी-20 विश्व कप : दक्षिण अफ्रीका की तीसरी जीत, छह अंक के साथ टॉप पर
दक्षिण अफ्रीका ने महिला टी-20 वर्ल्ड कप में बांग्लादेश को सात विकेट से हराया। दक्षिण अफ्रीका की कसी गेंदबाजी के आगे बांग्लादेश पहले खेलते हुए 106 रन ही बना सकी।

जवाब में दक्षिण अफ्रीका ने 17.2 ओवर में 3 विकेट पर 107 रन बनाकर सात विकेट से जीत दर्ज करके सेमीफाइनल की तरफ मजबूत कदम बढ़ाया। दक्षिण अफ्रीका ने ग्रुप-बी में चार मैचों में तीन जीत से छह अंक लेकर टॉप पर कब्ज़ा जमाया।
मेजबान बांग्लादेश चार मैचों में एक जीत के साथ टूर्नामेंट से बाहर हो चुकी है। पहले बल्लेबाजी करने उतरी बांग्लादेश की शुरुआत सही नहीं रही और 36 रन के स्कोर तक दो विकेट गिर चुके थे।
सोभना मोस्तारी ने 43 गेंदों में चार चौके से 38 रन की पारी खेली। कप्तान निगार सुल्ताना ने 38 गेंद पर दो चौके से 32 रन बनाए।
107 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दक्षिण अफ़्रीका की सलामी बैटर लौरा वोल्वार्ड्ट सात रन बनाकर चलती बनी। तंजिम ब्रिट्स ने 41 गेंदों पर पांच चौके से 42 रन की पारी से मैच हल्का कर दिया। अनीके बोश्च ने 25 गेंदों में दो चौके से 25 रन बनाए। जिससे दक्षिण अफ्रीका ने 17.2 ओवर में तीन विकेट पर 107 रन बनाकर 16 गेंद रहते सात विकेट से जीत दर्ज कर डाली।