रणजी ट्रॉफी Day 3 : मुकेश कुमार की घातक गेंदबाजी, उत्तर प्रदेश 292 रन पर ढेर
मेजबान यूपी रविवार को बंगाल के खिलाफ इलीट ग्रुप सी के रणजी ट्रॉफी मैच में जरूरी अंक गंवाने के हालात पर है।

इकाना की टर्फ पर मैच की तीसरी सुबह मुकेश कुमार ने यूपी की पारी 292 रनों पर समेट दी। यूपी टीम पहली पारी में बढ़त से 20 रन के मामूली अंतर से दूर रह गई। यूपी कल शाम तीन विकेट पर 198 रन बनाकर मजबूत नजर आ रही थी। तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक बंगाल ने अपनी दूसरी पारी में बिना विकेट गिरे 141 रन और जोड़ लिए।
पहली पारी में शानदार शतक लगाने वाले सलामी बल्लेबाज सुदीप चटर्जी (59 रन, पांच चौके) और भारतीय टीम में दस्तक दे रहे अभिमन्यु ईश्वरन (78 रन, 7 चौके) अभी नाबाद हैं।
पहली पारी की 19 रनों की बढ़त के साथ अब बंगाल ने 160 रन की बढ़त बना ली है। बंगाल ने पहली पारी में 311 रन बनाए थे। दूसरी पारी में सुदीप पिछली पारी को ही आगे बढ़ाते दिखे। उन्होंने कुछ अच्छे शॉट्स खेले, ईश्वरन पहली पारी की असफलता को धोने में लगे हैं। दोनों ही बल्लेबाज अर्द्धशतक बना चुके हैं।
अंतिम दिन लंच तक तेज बल्लेबाजी करने के बाद बंगाल के गेंदबाज बाकी दो सेशन में यूपी के बल्लेबाजों को तीन सौ रन का लक्ष्य पकड़ा उनकी कड़ी परीक्षा ले सकते हैं, क्योंकि बंगाल जिस स्थिति में है वहां से उसे हार का कोई खतरा नहीं दिखाई दे रहा, यूपी पर सीधी जीत के लिए वह एक चांस जरूर ले सकता है।
इससे पहले भारतीय पेसर मुकेश कुमार यूपी के लिए आज सुबह आफत बनकर उतरे। उनकी गेंदों ने यूपी खेमे में बवाल मचा दिया। नतीजा यह रहा कि बंगाल के खिलाफ यूपी के पहली पारी में लीड लेने के मंसूबे पूरे नहीं हो सके। मुकेश ने यूपी के चार अच्छे बल्लेबाजों को पवेलियन भेज पारी को जल्दी ही समेट दिया।
इससे पहले यूपी ने कल के स्कोर तीन विकेट पर 198 से आगे पारी बढ़ाई और 94 रन का इजाफा कर अपने सातों विकेट खो दिए। मुकेश कुमार ने कल के नाबाद बल्लेबाज कप्तान आर्यन जुयाल को शतक पूरा करने का मौका नहीं दिया।
जुयाल सिर्फ दो रन और जोड़कर 92 रनों के पर एलबीडब्ल्यू हो गए। इसके बाद अक्शदीप नाथ खाता खोले बिना ही मुकेश कुमार की गेंद पर विकेट के पीछे रिद्धिमान साहा को एज दे बैठे। ऑलराउंडर सौरभ कुमार मुकेश के अगले शिकार बने। वे सिर्फ सात रन बनाकर आउट हो गए।
अगली सफलता शाहबाज अहमद के खाते में आई जब विपराज निगम (1) विकेट के पीछे पकड़े गए। एक समय तीन विकेट पर 205 के स्कोर पर मजबूत दिख रही यूपी की टीम 11 रनों के भीतर चार विकेट खोकर पिछले पांव पर थी।
इस दौरान सिद्धार्थ यादव एक छोर से बंगाल के गेंदबाजों का अकेले दम मुकाबला कर रहे थे। दूसरे छोर विकेटों के गिरने का सिलसिला जारी था। विपराज निगम (1), यश दयाल (16), आकिब खान (शून्य) भी जल्दी ही निकल लिए।
सिद्धार्थ यूपी की पारी में आउट होने वाले अखिरी बल्लेबाज थे। वे न रुके होते तो इस शाम की कहानी कुछ और ही फसाना सुना रही होती। उन्होंने 127 गेंदों का सामना कर तीन छक्कों और छह चौकों से 73 रन बनाए।
वे मुकेश कुमार के चौथे शिकार बने। सिद्धार्थ को मुकेश ने कॉट एंड बोल्ड कर उनकी और यूपी की पारी का अंत कर दिया। अंकित राजपूत छह रन बनाकर नाबाद लौटे।
आज गिरे सात विकेटों में मुकेश को चार, शाहबाज अहमद को दो और मोहम्मद कैफ को एक विकेट मिला। मुकेश ने 43 रन देकर और शाहबाज ने 96 रन देकर चार-चार विकेट लिए, कैफ ने 42 रन देकर दो बल्लेबाजों को अपना शिकार बनाया।