कैमरून ग्रीन की होगी सर्जरी, बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में नहीं खेलेंगे
नवंबर में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच शुरू हो रही पांच मैच की बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी से पहले मेजबानों के लिए बुरी खबर सामने आ रही है। टीम के स्टार ऑलराउंडर कैमरून ग्रीन ने अपनी पीठ में स्ट्रेस फ्रैक्चर की सर्जरी कराने का फैसला किया है, जिसके चलते वह भारत के खिलाफ पूरी सीरीज से बाहर हो जाएंगे।

क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने इसकी पुष्टि की है कि ग्रीन को प्रक्रिया से उबरने के लिए कम से कम 6 महीने लगेंगे। इस सर्जरी के चलते वह जनवरी में होने वाले श्रीलंका दौरे से भी बाहर हो सकते हैं।
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के अनुसार, “ऑस्ट्रेलिया के ऑलराउंडर कैमरून ग्रीन ने अपनी पीठ की सर्जरी करवाने का फैसला किया है, स्कैन में एक “अनोखी” समस्या पाई गई है, जो उनकी पीठ की चोट को और बढ़ा रही है। सर्जरी के चलते वह भारत के साथ होने वाली बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी टेस्ट सीरीज से बाहर हो जाएंगे, जिसके ठीक होने में छह महीने का समय लगेगा।
ग्रीन का बाहर होना ऑस्ट्रेलिया के लिए बड़ा झटका है, वह नंबर-5 पर बैटिंग करने के साथ-साथ गेंदबाजी में योगदान दे सकते हैं। ग्रीन के इस फैसले के चलते ऑस्ट्रेलिया को अपने प्लान में बदलाव करना होगा। ग्रीन के टीम में ना होने की वजह से स्टीव स्मिथ एक बार फिर अपने नियमित स्थान नंबर-4 पर खेलते हुए दिखाई दे सकते हैं।
ऐसे में उस्मान ख्वाजा के ओपनिंग पार्टरने के रूप में ऑस्ट्रेलिया मैथ्यू रेनशॉ, मार्कस हैरिस या कैमरन बैनक्रॉफ्ट को चुन सकता है। अगर ऑस्ट्रेलिया ग्रीन को किसी ऑलराउंडर से ही रिप्लेस करना चाहता है तो अनकैप्ड आरोन हार्डी या ब्यू वेबस्टर भी एक जैसे विकल्प हैं।
बता दें, भारत के खिलाफ ऑस्ट्रेलिया अपने घर पर लगातार दो टेस्ट सीरीज हार चुका है, 2014 के बाद से कंगारुओं ने एक भी टेस्ट सीरीज भारत के खिलाफ नहीं जीती है। ऐसे में ग्रीन का इस तरह बाहर होना ऑस्ट्रेलिया के लिए बड़ा झटका है।