रणजी ट्रॉफी : प्रियम गर्ग के शतक से यूपी ने कराया ड्रा, बंगाल को पहली पारी की बढ़त का फायदा
प्रियम गर्ग (नाबाद 105) के शतक से इकाना स्टेडियम पर मेजबान यूपी ने रणजी ट्रॉफी इलीट ग्रुप सी में बंगाल के खिलाफ मैच को ड्रॉ करवा लिया। यूपी ने दूसरी पारी में छह विकेट पर 162 रन बनाए। पहली पारी में पिछड़ने के चलते एक ही अंक मिला, बंगाल तीन अंक लेकर गई।

बंगाल ने चौथे और अंतिम दिन लंच के बाद यूपी के सामने जीत के लिए 274 रन बनाने की चुनौती रखी थी। यूपी की पारी शुरू में ही लड़खड़ा गई। एक समय लगा कि मेजबान टीम इस मुकाबले को हार भी सकती है।
प्रियम गर्ग ने मुश्किल समय में बंगाल के गेंदबाजों के खिलाफ अटैकिंग क्रिकेट खेल स्थितियों पर बखूबी नियंत्रण कर लिया। इस दौरान यूपी के छह विकेट गिर चुके थे। प्रियम गर्ग ने अपनी नाबाद शतकीय पारी के दौरान 157 गेंदें खेलते हुए पांच छक्के और आठ चौके लगाए।
शुरू से ही जीत के लिए मिले कठिन लक्ष्य के सामने यूपी दबाव में आ गई थी। टीम के तीन प्रमुख विकेट 43 रनों पर निकल गए थे। मुकेश कुमार और कैफ को मिलीं इन सफलताओं ने मैच में अचानक रिजल्ट की संभावनाएं जगा दी थीं।
मुकेश कुमार ने चौथा झटका देकर मेजबानों की चाय का टेस्ट बिगाड़ दिया। मुकेश ने कट करने गए नीतीश राणा (7) को बैकवर्ड प्वाइंट पर लपकवा दिया। इससे पहले गिरे तीन विकेटों में मुकेश कुमार ने कप्तान आर्यन जुयाल (5), मोहम्मद कैफ ने सात्विक चिकारा (12) और प्रमोट किए गए सिद्धार्थ यादव (8) के विकेट लेकर यूपी को हिलाकर रख दिया था। कैफ ने इस मैच में अपनी गेंदबाजी से काफी प्रभावित किया। बंगाल के इस गेंदबाज में दूसरे मोहम्मद शमी की झलक दिखी।
चाय के बाद प्रियम गर्ग ने टॉप गेयर लगाते हुए बंगाल के आक्रमण पर धावा बोल दिया। कहा भी गया है कि अटैक इज द बेस्ट डिफेंस। बंगाल ने अक्शदीप नाथ (6) और सौरभ कुमार (6) के विकेट जरूर खोए, प्रियम गर्ग बंगाल की जीत के रास्ते में दीवार बने हुए थे।
रोज की तरह खराब रोशनी के चलते पहले ही आज भी खेल रोकना पड़ा और इसके बाद अम्पायरों ने मैच यहीं खत्म करने का फैसला किया। इस समय तक यूपी के छह विकेट गिर चुके थे।
इससे पहले बंगाल ने सलामी बल्लेबाज अभिमन्यु ईश्वरन के नाबाद 127 और सुदीप चटर्जी (93) की बल्लेबाजी से दूसरी पारी तीन विकेट पर 254 रन बनाकर घोषित कर दी।
जैसी कि उम्मीद थी खुद को सुरक्षित करने के बाद बंगाल सीधी जीत की तलाश करेगा, वैसा ही हुआ भी। उसने चाय पर जाने से पहले ही यूपी के चार विकेट गिराकर मेजबान ड्रेसिंग रूम में हलचल मचा दी थी।
बंगाल की दूसरी पारी के दौरान ईश्वरन ने अपनी शतकीय पारी में172 गेंदों का सामना किया और 12 चौके भी जड़े, सुदीप चटर्जी ने सौरभ कुमार की गेंद पर एलबीड्ल्यू होने से पहले 151 गेंदों पर नौ चौके जड़े।
अभिषेक पोरेल बिना रन बनाए और सुदीप घारामी 20 रन बनाकर विपराज निगम का शिकार बने। दोनों के कैच यश दयाल ने पकड़े। विपराज निगम ने दो और सौरभ कुमार ने एक विकेट लिया।