Trending

बेंगलुरु में बारिश के अनुमान के बीच भारत- न्यूजीलैंड टेस्ट कल से

भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीन टेस्ट मैचों की सीरीज के पहले टेस्ट में बारिश खेल बिगड़ सकती है। मंगलवार को बेंगलुरु में बारिश के चलते भारत का ट्रेनिंग सेशन रद्द कर दिया गया।

साभार : गूगल

मौसम वेबसाइट एक्यूवेदर के अनुसार, बेंगलुरु में बुधवार 16 अक्टूबर से अगले 5 दिन बारिश का अनुमान है। इनमें से चार दिन बारिश की आशंका 40% या इससे ज्यादा है।

बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम का ड्रेनेज सिस्टम दुनिया के सबसे अच्छे ड्रेनेज सिस्टम में शुमार है। यहां सब-एयर ड्रेनेज सिस्टम लगा है, जो आम तौर पर गोल्फ कोर्स में लगा होता है। बारिश रुकने के बाद रिमोट कंट्रोल सिस्टम से पानी को ग्राउंड से बाहर कर दिया जाता है।

10 हजार लीटर से भी ज्यादा पानी कुछ ही मिनट के अंदर ग्राउंड से बाहर हो जाता है। बारिश आने पर यहां पिच और बॉलिंग एरिया समेत पूरे ग्राउंड को कवर्स से ढका जाता है। भारत ने सोमवार 14 अक्टूबर को प्री-मैच प्रैक्टिस की थी। यहां विराट कोहली, रविचंद्रन अश्विन, ऋषभ पंत और केएल राहुल सहित कई खिलाड़ी मैदान पर पसीना बहाते नजर आए।

भारत का पिछला टेस्ट मैच भी बारिश से प्रभावित रहा। कानपुर में बांग्लादेश के खिलाफ खेले गए इस मुकाबले के शुरुआती 3 दिन में बारिश बाधा बनी रही। टीम इंडिया ने आखिरी 2 दिन में मैच जीत लिया।