मुल्तान टेस्ट Day 2 : पहली पारी में पाकिस्तान के 366 रन, स्टंप्स तक इंग्लैंड का स्कोर 239/6
पाकिस्तान और इंग्लैंड के बीच तीन मैचों की टेस्ट सीरीज का दूसरा टेस्ट मुल्तान में हो रहा है। इस मैच में इंग्लैंड पहली पारी में 127 रन पीछे है। पाकिस्तान ने पहली पारी में कामरान गुलाम की शतकीय पारी से 366 रन बनाए।

जवाब में इंग्लिश टीम ने दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक पहली पारी में छह विकेट पर 239 रन बना लिए हैं। बेन डकेट ने 129 गेंदों में शानदार शतक जड़ा है। उन्होंने 14 चौकों से 114 रनों की पारी खेली। जेमी स्मिथ (12) और ब्रायडन कार्स (दो) रन बनाकर क्रीज पर डटे हैं। पाकिस्तान के लिए साजिद खान ने चार और नोमान अली ने दो विकेट झटके हैं।
डकेट ने अपने करियर का चौथा शतक लगाया। पिछले टेस्ट में दोहरा शतक जड़ने वाले रूट पहली पारी में सिर्फ 34 रन बनाए। ब्रूक नौ रनों की पारी खेलकर पवेलियन लौट गए। कप्तान स्टोक्स एक रन बनाकर आउट हुए।
मंगलवार को टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनने वाली पाकिस्तान ने दूसरे दिन की शुरुआत 259/5 के स्कोर से की थी। कामरान गुलाम ने 224 गेंदों पर 118 रनों की पारी खेली।
बल्लेबाजी के लिए उतरे सईम अयूब ने 77 रन बनाए। रिजवान ने 41, सलमान ने 31, आमेर ने 37 और नोमान ने 32 रन बनाए। इंग्लैंड के लिए जैक लीच ने चार, ब्रायडन कार्स ने तीन, मैथ्यू पॉट्स ने दो और शोएब बशीर ने एक विकेट झटका।