Trending

लखनऊ की सिद्धि, अरुजा, सिद्धार्थ व वियान, कानपुर की अद्विका, पलक, कौस्तुभ ने जीते स्वर्ण

लखनऊ। उत्तर प्रदेश ताइक्वांडो कमेटी के तत्वावधान में उत्तर प्रदेश ताइक्वांडो चैंपियनशिप-2024 की शुरुआत गुरुवार से केडी सिंह बाबू स्टेडियम के बहुउद्देश्यीय हाल में हुई। चैंपियनशिप में पहले दिन फ्रेशर ग्रुप के मुकाबले खेले गए जिसमें पूमसे की स्पर्धाओं में लखनऊ की सिद्धि वर्मा व अरुजा रस्तोगी, कानपुर की अद्विका केडिया व बागपत के मनन गुप्ता ने स्वर्णिम सफलता हासिल की।

उत्तर प्रदेश ताइक्वांडो चैंपियनशिप-2024

इस चैंपियनशिप का औपचारिक उद्घाटन मुख्य अतिथि खेल प्रमोटर प्रत्यूष सिंह प्रधान, विशिष्ट अतिथि आयोजन समिति के चेयरमैन सुनील सिंह श्रीनेत्र, इंडिया ताइक्वांडो के कोषाध्यक्ष रजत आदित्य दीक्षित सहित विश्व जूनियर ताइक्वांडो चैंपियनशिप-2024 में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व कर चुके उत्तर प्रदेश के उज्जवल ने किया।

इससे पहले अतिथिगण का स्वागत आयोजन सचिव दीपक शर्मा ने करते हुए बताया कि चैंपियनशिप में शुक्रवार से सीनियर, जूनियर, सब जूनियर व कैडेट वर्ग की आफिशियल स्पर्धाओं की शुरुआत शुक्रवार से होगी। इसके माध्यम से आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए यूपी की विभिन्न टीमों का चयन होगा।

गुरुवार को फ्रेशर ग्रुप में सब जूनियर बालिका पूमसे ग्रुप 1 में लखनऊ की सिद्धि वर्मा ने स्वर्ण, समाइरा रहमान ने रजत एवं शचि व जैहरा अली ने कांस्य पदक जीते। सब जूनियर बालिका पूमसे ग्रुप 2 में कानपुर की अद्विका केडिया ने स्वर्ण, कैडेट बालक पूमसे में बिजनौर के दक्ष वशिष्ठ ने स्वर्ण पदक जीते।

पुरुष सीनियर पूमसे में बागपत के मनन गुप्ता ने स्वर्ण व मेरठ के अंशुमान ने रजत पदक जीते। महिला सीनियर पूमसे में लखनऊ की अरुजा रस्तोगी ने स्वर्ण पदक जीते। वहीं क्योरगी की स्पर्धाओं में कानपुर की पलक यादव, कौस्तुभ शुक्ला, लखनऊ के सिद्धार्थ यादव व वियान पंसारी ने स्वर्ण पदक जीते।