मुल्तान टेस्ट : सालों बाद घर में पाकिस्तान की जीत, इंग्लैंड को 152 रन से हराया
पाकिस्तान टीम ने दूसरे टेस्ट में इंग्लैंड टीम को 152 रन से हराया। इसी के साथ 3 मैचों की टेस्ट सीरीज अब 1-1 की बराबरी पर आ गई है।

पहले मैच में इंग्लैंड को पारी और 47 रन से जीत मिली थी। साल 2021 के बाद पाकिस्तान ने अपने घर में पहला टेस्ट मैच जीता है। आखिरी बार उन्होंने दक्षिण अफ्रीका को हराया था। पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 366 रन बनाए थे। कामरान गुलाम ने शतकीय पारी (118) खेली।
जवाब में इंग्लैंड 291 रन ही बना पाई। बेन डकेट ने सबसे ज्यादा 114 रन बनाए। पाकिस्तान के लिए साजिद खान ने 7 विकेट झटके। पाकिस्तान की दूसरी पारी 221 रन पर खत्म हुई और उसने इंग्लैंड को 297 रन का लक्ष्य दिया। जवाब में इंग्लैंड 144 रन बनाकर ढेर हो गई और वे मैच हार गए।
पहले दिन के तीसरे सत्र के दौरान गुलाम ने अपनी पारी को शतक में बदला। वह 11 चौकों और 1 छक्के से 118 रन बनाकर आउट हुए। गुलाम को बाबर आजम की जगह पर पाकिस्तान की टीम में मौका मिला था। यह उनके प्रथम श्रेणी करियर का 17वां शतक भी है।

कामरान ने एक छोर से टिककर बल्लेबाजी की। उन्होंने सैम अयूब के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिए 149 रन की साझेदारी भी निभाई। बाएं हाथ के बल्लेबाज डकेट ने इंग्लैंड की पहली पारी में 129 गेंदों का सामना करते 114 रन बनाए। उनके बल्ले से 16 चौके निकले थे।
यह मौजूदा सीरीज में उनका पहला और टेस्ट करियर का कुल चौथा शतक रहा। इसके साथ-साथ यह पाकिस्तानी टीम के विरुद्ध उनकी दूसरी शतकीय पारी रही। इस बीच उन्होंने अपने टेस्ट करियर के 2,000 रन भी पूरे किए। डकेट ने अपने टेस्ट करियर में 4 शतक के अलावा 11 अर्धशतक भी लगाए हैं।
साजिद ने इंग्लैंड की पहली पारी में 7 विकेट झटके। यह उनके टेस्ट करियर का दूसरा 5 विकेट हॉल रहा। इंग्लैंड के खिलाफ साजिद ने पहली बार 5 या उससे ज्यादा विकेट लिए हैं। साजिद ने मैच में 26.2 ओवर गेंदबाजी की और 1 मेडन ओवर के साथ 111 रन देकर 7 विकेट झटके। दूसरी पारी में भी साजिद की गेंदबाजी अच्छी रही और उन्होंने 2 विकेट झटके।
नोमान अली को पहली पारी में 3 विकेट मिले थे। साजिद साल 2000 के बाद पहले ऐसे पाकिस्तान के ऑफ स्पिन गेंदबाज हैं, जिन्होंने अपनी घरेलू सरजमीं पर 5 विकेट हॉल लिया है। इससे पहले सकलैन मुश्ताक ने यह कारनामा किया था। साजिद जनवरी 2024 के बाद पहला टेस्ट खेल रहे हैं।
नोमान अली ने दूसरी पारी में 16.3 ओवर गेंदबाजी की और 1 मेडन ओवर के साथ 46 रन देकर 8 विकेट झटके। उनके साथी साजिद ने 17 ओवर में 93 रन देकर 2 विकेट झटके।
नोमान और साजिद ने मिलकर दोनों पारियों में इंग्लैंड के सभी 20 विकेट झटके। नोमान के टेस्ट करियर का यह 5वां विकेट हॉल रहा। 1972 के बाद यह पहला मौका है जब 2 गेंदबाजों ने मिलकर 20 विकेट अपने नाम किए हैं।