बेंगलुरु टेस्ट Day 4 : भारत के खिलाफ जीत के लिए न्यूजीलैंड को बनाने होंगे 107 रन
भारतीय टीम और न्यूजीलैंड टीम के बीच हो रहे पहले टेस्ट का चौथा दिन खत्म हो गया है। कीवी टीम को आखिरी दिन जीत के लिए 107 रन की जरूरत है।

टॉम लैथम और डेवोन कॉनवे खाता खोले बिना अभी नाबाद हैं। बारिश के चलते आखिरी ओवरों का खेल नहीं हो पाया। भारत की दूसरी पारी 462 रन पर खत्म हुई।
भारत ने चौथे दिन 231/3 के स्कोर से आगे खेलना शुरू किया था। इसके बाद सरफराज खान ने 150 रन की पारी खेली। ऋषभ पंत के बल्ले से 99 रन निकले। मैट हेनरी और विलियम ओ’रूर्के ने 3-3 विकेट झटके।
न्यूजीलैंड को जीत के लिए 107 रन का लक्ष्य मिला है। सरफराज ने 195 गेंदों का सामना किया और 150 रन बनाकर आउट हुए। उनके बल्ले से 18 चौके और 3 छक्के निकले। उन्होंने 110 गेंदों का सामना कर शतक पूरा किया। यह उनके टेस्ट करियर का पहला शतक रहा।
उन्होंने भारत के लिए 4 टेस्ट खेले हैं और इसकी 7 पारियों में 1 बार नाबाद रहते हुए 58.33 की औसत से 350 रन बनाए हैं। उनके बल्ले से 1 शतक के अलावा 3 अर्धशतक निकले हैं।
पंत ने 105 गेंदों का सामना किया और 99 रन बनाए। उनके बल्ले से 9 चौके और 5 छक्के निकले। वह अपने 7वें टेस्ट शतक से सिर्फ 1 रन दूर थे, तभी विलियम ओ’रूर्के की गेंद पर क्लीन बोल्ड हुए। पंत टेस्ट में 99 रन पर आउट होने वाले महेंद्र सिंह धोनी के बाद दूसरे भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज हैं।
न्यूजीलैंड के खिलाफ पंत ने 4 टेस्ट खेले हैं और 28 की औसत से 224 रन बनाए हैं। पंत ने 36वें टेस्ट की 62वीं पारी में अपने 2,500 टेस्ट रन पूरे किए हैं। वह सबसे तेज यह उपलब्धि हासिल करने वाले भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज बने हैं।
उन्होंने इस मामले में धोनी को पीछे छोड़ दिया है, जिन्होंने 69 पारियों में यह उपलब्धि हासिल की थी। सूची में फारुख इंजीनियर तीसरे पायदान पर हैं, जिन्होंने 82 पारियों में यह कारनामा किया था। पारी का 48वां रन बनाते ही उनके टेस्ट क्रिकेट में 2,500 रन पूरे हो गए।
भारत ने 462 रन 99.3 ओवर में बनाए। टीम का रन रेट 4.64 का रहा। ये 450 से ज्यादा रन बनाते हुए टीम का सर्वाधिक रन रेट है। साल 2010 के बाद भारतीय सरजमीं पर टेस्ट में मेहमान टीम के तेज गेंदबाजों द्वारा 7 या उससे ज्यादा विकेट 5 बार लिए गए हैं। 4 बार न्यूजीलैंड के गेंदबाजों ने यह किया है। टिम साउथी ने 2021 में ऐसा किया था। हेनरी और ओ’रुरके ने इस मैच में किया।