Trending

महिला टी-20 विश्व कप : न्यूजीलैंड पहली बार चैंपियन

महिला टी-20 विश्व कप फाइनल में न्यूजीलैंड ने दक्षिण अफ्रीका को 32 रन से हराया। कीवी टीम ने पहली बार टी-20 विश्व कप का खिताब जीता। कीवी टीम ने साल 2009 और 2010 का टी-20 विश्व कप फाइनल खेला था। हालांकि, उसे हार मिली थी।

@T20WorldCup

दक्षिण अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी। अमेलिया केर ने न्यूजीलैंड के लिए 43 रन की पारी खेली। ब्रुक हैलीडे ने 38 रन बनाए। इन पारियों से न्यूजीलैंड ने 5 विकेट 158 का स्कोर बनाया। नॉनकुलुलेको म्लाबा ने सबसे ज्यादा 2 विकेट झटके।

जवाब में दक्षिण अफ्रीका 126 रन ही बना सकी। लौरा वोल्वार्ड्ट (33) को छोड़कर और कोई भी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल पाया। सूजी बेट्स सबसे ज्यादा अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने वाली खिलाड़ी बनी।

उन्होंने भारत की मिताली राज का रिकॉर्ड तोड़ा है। मिताली ने 333 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले थे। बेट्स के 334 मैच हो गए हैं। बेट्स टी-20 विश्व कप में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज भी हैं। उन्होंने 42 मैच की 42 पारियों में 31.17 की औसत से 1,216 रन बनाए हैं।

म्लाबा ने मैच में 4 ओवर गेंदबाजी की और 31 रन देकर 2 विकेट झटके। उनकी इकॉनमी रेट 7.80 की रही। इसी के साथ इस खिलाड़ी ने 50 टी-20 अंतरराष्ट्रीय विकेट पूरे कर लिए।

म्लाबा ने 58 मैच खेले हैं। इसकी 56 पारियों में 22.92 की औसत से उन्होंने 50 विकेट लिए हैं। उनके नाम 1 बार 4 विकेट हॉल रहा है। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 4/29 का है। इस विश्व कप म्लाबा ने 13 विकेट झटके।

अमेलिया ने बल्लेबाजी में 38 गेंदों का सामना किया और 43 रन बनाए। उनके बल्ले से 4 चौके निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 113.16 की रही। इसके बाद गेंदबाजी में इस खिलाड़ी ने कमाल का प्रदर्शन किया और 3 विकेट झटके। वह सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाज भी बन गईं।

उन्होंने इस विश्व कप में 15 विकेट झटके। महिला विश्व कप के 1 संस्करण में वह सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाज भी बन गईं।