Trending

बेंगलुरु टेस्ट में 150 रन की पारी खेलने वाले सरफराज खान बने पिता

बेंगलुरु टेस्ट मैच में न्यूजीलैंड के खिलाफ शनिवार 19 अक्टूबर को 150 रनों की पारी खेलने वाले भारतीय बल्लेबाज सरफराज खान को दो दिन बाद सबसे बड़ी खुशी मिली।

@sarfarazkhan97

शनिवार को इंटरनेशनल क्रिकेट में उन्होंने पहला शतक जड़ा, दो दिन बाद सोमवार 21 अक्टूबर को वह पिता बन गए। उनके घर नन्हा मेहमान आया है। उनकी पत्नी रोमाना जहूर ने बेटे को जन्म दिया है। इसकी जानकारी खुद सरफराज खान ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल से दी। सरफराज खान और रोमाना जहूर की शादी पिछले साल अगस्त में हुई थी।

सरफराज ने दो तस्वीरें इंस्टा स्टोरी पर शेयर कीं। एक में वह अपने बेटे के साथ दिखाई दे रहे हैं और इस पर लिखा है कि यह लड़का है, एक तस्वीर में वह अपने पिता और बेटे के साथ नजर आ रहे हैं। सरफराज खान और उनके परिवार के लिए पिछले कुछ दिन बड़े उतार-चढ़ाव वाले रहे हैं।

सरफराज के छोटे भाई मुशीर खान और पिता नौशाद खान का एक कार एक्सीडेंट हो गया था, जिसमें मुशीर खान को चोट आई, पिता नौशाद सुरक्षित रहे। इस वजह से वह मुंबई के लिए ईरानी कप में नहीं खेले। सरफराज खान ने वह मुकाबला खेला और दोहरा शतक जड़ा।

@sarfarazkhan97

इसके बावजूद उनकी भारतीय टीम में जगह नहीं बन रही थी, शुभमन गिल को गर्दन में दर्द हुआ तो उनको टेस्ट टीम में मौका मिल गया। इसी साल की शुरुआत में टेस्ट क्रिकेट में डेब्यू करने वाले सरफराज खान ने बेंगलुरु टेस्ट मैच की पहली पारी में तो खाता नहीं खोला, दूसरी पारी में 150 रन बनाकर टीम इंडिया की वापसी कराई।

बाद के बल्लेबाजों ने ज्यादा रन नहीं बनाए। ऐसे में टीम इंडिया को इस मैच में सिर्फ 106 रनों की बढ़त मिली थी और न्यूजीलैंड ने 107 रन दो विकेट पर बना दिए। 36 साल के लंबे अंतराल के बाद न्यूजीलैंड की टीम ने कोई टेस्ट मैच जीता था।