Trending

भारत के खिलाफ पुणे टेस्ट के लिए उपलब्ध नहीं रहेंगे केन विलियमसन

न्यूजीलैंड टीम ने 36 साल के बाद भारतीय सरजमीं पर टेस्ट मैच जीता। बेंगलुरु टेस्ट मैच में न्यूजीलैंड ने 8 विकेट से भारत को हराया। तीन मैचों की टेस्ट सीरीज की शुरुआत कीवी टीम ने दमदार अंदाज में की। अब दूसरे मैच से पहले न्यूजीलैंड को एक बड़ा झटका लगा है। न्यूजीलैंड के केन विलियमसन दूसरे टेस्ट के लिए भी उपलब्ध नहीं हैं।

@BLACKCAPS

पहले टेस्ट के लिए भी वे भारत नहीं आए थे और अभी भी न्यूजीलैंड में ही हैं। वे पुणे में गुरुवार 24 अक्टूबर से होने वाले दूसरे टेस्ट को भी मिस करने वाले हैं, क्योंकि वे रिहैब की प्रक्रिया से गुजर रहे हैं।

न्यूजीलैंड क्रिकेट बोर्ड ने मीडिया रिलीज जारी करते हुए इस बात की जानकारी दी है कि केन विलियमसन अभी भी ग्रोइन स्ट्रेन के रिहैब से गुजर रहे हैं।

विलियमसन को श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज के दौरान चोट लगी थी। इस चोट के चलते उनको बेंगलुरु में खेले गए टेस्ट से बाहर होना पड़ा था, क्योंकि वे रिकवरी मोड में थे।

वह अपनी रिकवरी पर काम करने के लिए न्यूजीलैंड में ही रहे और अब दूसरे टेस्ट से भी बाहर हैं और वे इस दौरान भी न्यूजीलैंड में रहेंगे। आखिरी टेस्ट मैच से पहले उनको लेकर बोर्ड फैसला अगले सप्ताह ले सकता है।

मुख्य कोच गैरी स्टीड ने उम्मीद जताई कि विलियमसन तीसरे टेस्ट के लिए उपलब्ध रहेंगे। उन्होंने कहा, “हम केन विलियमसन पर नजर रख रहे हैं और वह सही दिशा में आगे बढ़ रहे हैं, अभी भी 100 फीसदी फिट नहीं है।

हमें उम्मीद है कि आने वाले दिनों में उस चोट में और सुधार होगा और वह तीसरे टेस्ट के लिए उपलब्ध होंगे। हम उन्हें खुद को तैयार करने के लिए जितना संभव हो उतना समय देंगे, निश्चित रूप से सतर्क दृष्टिकोण अपनाना जारी रखेंगे।

तीसरा टेस्ट मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में 1 नवंबर से शुरू होगा। ऐसे में उनके पास अभी भी करीब एक सप्ताह का समय फिट होने के लिए है।