ऑस्ट्रेलिया ए के खिलाफ भारत ए को 120 रन की बढ़त
तेज गेंदबाज मुकेश कुमार के छह विकेट के बाद युवा साइ सुदर्शन और देवदत्त पड्डिकल के अर्धशतकों से भारत ए ने आस्ट्रेलिया ए के खिलाफ अनधिकृत टेस्ट के दूसरे दिन शुक्रवार को 120 रन की बढत बनाई।

मुकेश ने 46 रन देकर छह विकेट झटके, जिससे भारत ए ने आस्ट्रेलिया ए को पहली पारी में 195 रन पर रोक दिया। भारत ए को पहली पारी में 107 रन पर आउट करने के बाद आस्ट्रेलिया ए को 88 रन की बढत मिली थी।
भारत ए की शुरूआत दूसरी पारी में खराब रही जब कप्तान रूतुराज गायकवाड़ पांच रन बनाकर और सलामी बल्लेबाज अभिमन्यु ईश्वरन 12 रन बनाकर आउट हो गए। भारत ने दो विकेट 8 . 5 ओवर में 30 रन पर गंवा दिये। इसके बाद पड्डिकल और सुदर्शन ने टीम को दो विकेट पर 208 रन तक पहुंचाया।
पहली पारी में खाता नहीं खोल सके गायकवाड़ ने फर्गुस ओ नील की गेंद पर दूसरी स्लिप में कैमरन बेनक्राफ्ट को कैच थमाया।
प्रथम श्रेणी क्रिकेट में लगातार चार शतक मारकर कप्तान रोहित शर्मा के कवर के तौर पर आस्ट्रेलिया के खिलाफ आगामी टेस्ट श्रृंखला में सीनियर टीम में जगह पाने वाले ईश्वरन रन आउट हो गए।
इसके बाद सुदर्शन और पड्डिकल ने 178 रन की साझेदारी की। सुदर्शन ने 185 गेंद में 96 रन बनाये जबकि पड्डिकल 167 गेंद में 80 रन बनाकर नाबाद हैं। दूसरा और आखिरी अनधिकृत टेस्ट मेलबर्न में सात नवंबर से होगा।
चार विकेट पर 99 रन से आगे खेलते हुए आस्ट्रेलिया के नाथन मैकस्वीनी (39) और कूपर कोनोली (37) ने पांचवें विकेट के लिये 51 रन जोड़े। पहले दिन दो विकेट लेने वाले मुकेश ने कोनोली को आउट करके इस साझेदारी को तोड़ा।
जोश फिलिप उनका चौथा शिकार बने जबकि नीतिश कुमार रेड्डी ने मैकस्वीनी को पवेलियन भेजा। मुकेश ने ब्रेंडन डोगेट और टॉड मरफी को आउट करके आस्ट्रेलिया ए की पारी को खत्म किया।