आईपीएल 2025 : इस बार कौन करेगा आरसीबी की कप्तानी !
आईपीएल के आगामी सीजन के लिए होने वाली नीलामी से पहले सभी टीमों ने अपने रिटेन खिलाड़ियों की लिस्ट जारी की है। पंजाब किंग्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु उन टीमों में से हैं, जिन्होंने सबसे कम खिलाड़ियों को रिटेन किया है।

इस बार कई फ्रेंचाइजी ने अपने कप्तान भी रिलीज किए, इसमें रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का नाम भी मौजूद है। पिछले कुछ सीजन में फाफ डुप्लेसी ने आरसीबी की कप्तानी की थी, आगामी सीजन से पहले बेंगलुरु ने फाफ से नाता तोड़ लिया है, जिसके बाद कई रिपोर्ट सामने आई थी, जिसमें बोला जा रहा है कि कोहली एक बार फिर टीम की कमान संभाल सकते हैं।
हालांकि रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के क्रिकेट निदेशक मो बोबट ने कहा कि आईपीएल के आगामी सीजन में फ्रेंचाइजी की कप्तानी कौन करेगा, इस बारे में अभी कोई फैसला नहीं हुआ है।
विराट कोहली ने 2022 से पहले टीम की कप्तानी छोड़ दी थी। वह नौ साल तक टीम के कप्तान रहे। इस दौरान 2016 में उनकी कप्तानी में टीम ने फाइनल में जगह बनाई थी, जहां वे आठ रन से हारे थे। आरसीबी ने गुरुवार को आगामी मेगा नीलामी से पहले विराट कोहली, रजत पाटीदार और यश दयाल को रिटेन किया है।
टीम द्वारा शेयर वीडियो में क्रिकेट निदेशक मो बोबट ने कहा, ”मुझे जो भी सुन रहे हैं उन्हें निराश करने के लिए खेद है। हमने अभी तक कप्तानी या उस पर (बतौर कप्तान कोहली की वापसी) फैसला नहीं लिया है। हम विकल्पों के लिए खुले हैं।
हमने जो एकमात्र स्पष्ट निर्णय लिया वह फाफ को रिटेन न करना था। उन्होंने पिछले साल और उससे पहले के साल में शानदार प्रदर्शन किया था। हम नीलामी में जाने से पहले बहुत खुले दिमाग से काम लेंगे।
उन्होंने आगे कहा, ”मोहम्मद सिराज को रिटेन ना करने का फैसला काफी मुश्किल था। हम उनके योगदान को महत्व देते हैं, क्योंकि वे पिछले कुछ सालों में आरसीबी और भारत के लिए बेहतरीन प्रदर्शन कर चुके हैं।
हालांकि, हम नीलामी में अधिक से अधिक विकल्पों के साथ उतरना चाहते थे, एक संतुलित गेंदबाजी आक्रमण तैयार करने के लिए जो आईपीएल और अन्य प्रारूपों में प्रभावी रूप से प्रतिस्पर्धा करने में सक्षम हो।