Trending

हाइलो ओपन : मालविका बंसोड़ व आयुष शेट्टी अंतिम चार में

भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी मालविका बंसोड़ और आयुष शेट्टी ने हाइलो ओपन के अपने-अपने मुकाबलों में जीत दर्ज करते हुए महिला और पुरुष एकल स्पर्धा के सेमीफाइनल में जगह बनाई।

मालविका ने महिला एकल क्वार्टरफाइनल में चौथी वरीयता प्राप्त वियतनाम की गुयेन थ्यू लिन्ह को 21-15, 21-17 से हराया। मालविका ने पहले गेम की शुरुआत में शानदार खेल दिखाया और 10-2 बढ़त हासिल कर ली।

साभार : गूगल

मालविका से तीन पायदान ऊपर विश्व नंबर 31 पर काबिज गुयेन थ्यू लिन्ह ने बढ़त को 18-15 से कम कर दिया।  भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी ने तीन लगातार अंक हासिल करते हुए पहला गेम 21-15 से जीता।

दूसरे गेम में भारतीय शटलर ने अच्छे खेल का प्रदर्शन किया। दूसरे गेम में मालविका 9-3 से लीड कर रही थीं, गुयेन थ्यू लिन्ह ने कुछ बेहतरीन शॉट्स खेले और स्कोर 17-17 से बराबरी पर ला दिया। भारतीय शटलर ने अंतिम चार अंक हासिल करके सेमीफाइनल में जगह बनाई।

सेमीफाइनल में बंसोड़ का मुकाबला डेनमार्क की जूली डावल जैकबसेन से होगा। जैकबसेन ने भारत की 17 वर्षीय रक्षिता श्री संतोष रामराज को 21-12, 21-17 से हराया है।

मालविका का यह तीसरा सेमीफाइनल होगा। उन्होंने फरवरी में अजरबैजान इंटरनेशनल जीता और जून में वह यूएस ओपन सेमीफाइनल में पहुंची। उन्होंने चाइना ओपन के क्वार्टरफाइनल में पहुंचकर पेरिस  की कांस्य पदक विजेता इंडोनेशिया की ग्रेगोरिया मारिस्का तुनजुंग को हराया था।

पुरुष एकल वर्ग मे 19 वर्षीय आयुष शेट्टी ने फिनलैंड के काले कोलजोनेन को 21-18, 21-18 से हराया। फाइनल में जगह बनाने के लिए आयुष शेट्टी का मुकाबला फ्रांस के क्रिस्टो पोपोव से होगा। क्रिस्टो पोपोव को भारत के सातवीं वरीयता प्राप्त सतीश कुमार करुणाकरण से वॉकओवर मिला है।