हॉन्ग कॉन्ग सिक्सेस : यूएई के खिलाफ हार के साथ भारत बाहर
हॉन्ग कॉन्ग सिक्सेस टूर्नामेंट रॉबिन उथप्पा की अगुवाई वाली भारतीय टीम बाहर हो गई है। सी पूल का हिस्सा भारत ने एक भी मैच नहीं जीता। भारत ने हार की हैट्रिक लगाई है। संयुक्त अरब अमीरात ने भारत के खिलाफ एक रन से जीत दर्ज की। भारत को यूएई के अलावा चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान और इंग्लैंड के विरुद्ध हार मिली।
शनिवार को यूएई ने भारत के खिलाफ 130/5 का स्कोर बनाया। खालिद शाह ने 10 गेंदों में 42 और जहूर खान ने 11 गेंदों में 37 रन बनाए। जवाब में भारत 4 विकेट गंवाकर 129 रन ही जुटा सका।

स्टुर्ट बिन्नी ने सर्वाधिक रन जुटाए। उनके बल्ले से 11 गेंदों में नाबाद 44 रन निकले। कप्तान उथप्पा ने 10 गेंदों 43 रन जोड़े। भारत को आखिरी ओवर में 31 रन चाहिए थे लेकिन 29 ही बने। बिन्नी ने छठे ओवर में चार छक्के और एक चौका मारा, जीत की दहलीज पार नहीं करा सके।
वहीं, भारत को शनिवार को दूसरे मैच में इंग्लैंड के हाथों 15 रनों से हार मिली। इंग्लैंड ने भारत के खिलाफ एक विकेट के नुकसान पर 120 रन जुटाए।
इंग्लैंड के कप्तान रवि बोपारा ने 14 गेंदों में 53 और समित पटेल ने 18 गेंदों में 51 रन की पारी खेली। भारत ने 6 ओवर में 105/3 ही बनाए। केधार जाधव ने 15 गेंदों में 48 और श्रीवत्स गोस्वामी ने 10 गेंदों में 27 रन का योगदान दिया। उथप्पा का खाता नहीं खुला। बिन्नी 5 रन ही बना सके।
भारत ने पहला मैच शुक्रवार को पाकिस्तान के विरुद्ध खेला था, जिसमें छह विकेट से हार मिली। भरत चिपली ने (16 गेंदों में 53) की पारी के दम पर भारत ने 119 रन बनाए। जवाब में पाकिस्तान ने बिना कोई विकेट खोए पांच ओवर में 120 रन बनाकर मैच जीता।
आसिफ अली 14 गेंदों में 55 रन की पारी खेलने के बाद रिटायर हो गए। मोहम्मद अखलाक ने 12 गेंदों में नाबाद 40 और फहीम अशरफ ने पांच गेंदों में नाबाद 22 रन बनाए।