डेंगू के बाद वायु प्रदूषण से बिगड़े पाकिस्तान के हालात, लाहौर में AQI 1900 पार, भारत पर मढ़ा ये आरोप

भारत ही नहीं बल्कि पाकिस्तान भी इनदिनों हवा की खराब गुणवत्ता की मार झेल रहा है. लेकिन पाकिस्तान में हालात बेहद खराब हैं. क्योंकि बीते दिनों लाहौर में एक्यूआई 1900 पहुंच गया. जो अब तक की सबसे खराब वायु गुणवत्ता रही.

दिवाली के बाद राजधानी दिल्ली की हवा खराब हो गई, लेकिन पिछले कुछ सालों की तुलना में इस बार दिल्ली की हवा बेहद साफ बनी हुई है. हालांकि वायु गुणवत्ता सूचकांक यहां अभी भी बेहद खराब है, लेकिन पड़ोसी देश पाकिस्तान में इस बार वायु प्रदूषण ने रिकॉर्ड तोड़ दिया. क्योंकि लाहौर में शनिवार को वायु गुणवत्ता सूचकांक 1900 दर्ज किया गया. जो शहर में अब तक का सबसे ज्यादा एक्यूआई है. इसे लेकर पाकिस्तान ने भारत पर आरोप लगाया है.

लाहौर में 1900 हुआ एक्यूआई

दरअसल, पाकिस्तान के दूसरे सबसे बड़े शहर लाहौर में शनिवार को वायु गुणवत्ता सूचकांक 1900 दर्ज किया गया. जिसके बाद अधिकारियों को तत्काल उपाय करने के लिए मजबूर होना पड़ा, क्योंकि पाकिस्तान अभी भी डेंगू की मार झेल रहा है. ऐसे में वायु प्रदूषण बढ़ने से स्थानी लोगों पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है. प्रांतीय सरकार और स्विस समूह IQAir द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, शनिवार को पाकिस्तान-भारत सीमा के पास अब तक का सबसे अधिक प्रदूषण दर्ज किया गया. इसी के साथ लाहौर रविवार को दुनिया के सबसे प्रदूषित शहरों की रियल टाइम सूची में पहले नंबर पर पहुंच गया.