कनाडा पर बरसे जयशंकर, हिंदुओं और मंदिरों पर हुए हमलों की कड़ी आलोचना की

कनाडा के हिंदू मंदिर पर हमले की दुनियाभर में आलोचना हो रही है. विदेश मंत्री एस जयशंकर ने घटना को चिंताजनक बताया. इससे पहले पीएम मोदी भी घटना की आलोचना कर चुके हैं.
कनाडा के हिंदू मंदिर और हिंदू समुदाय पर एक दिन पहले हमला हुआ था. दुनिया भर में इसकी आलोचना हो रही है. मामले में अब विदेश मंत्री एस जयशंकर ने भी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने घटना को बेहद चिंताजनक बताया है. खास बात है कि हिंदुओं और मंदिर पर हमला ऐसे वक्त पर हुआ, जब कनाडा और भारत के बीच रिश्तों में तनाव मौजूद है. हमलों के कारण दोनों देशों के रिश्तों में और खटास आ गई है. हालांकि, हर जगह हो रही आलोचना के कारण कनाडा की सरकार दबाव में है. खुद कनाडाई प्रधानमंत्री ने हमले की निंदा की है.
विदेश मंत्री जयशंकर ने कहा कि सोमवार को कनाडा के ब्रैम्पटन में हिंदु सभा मंदिर में हुई हिसा बहुत चिंताजनक है. बता दें, विदेश मंत्री जयशंकर इन दिनों ऑस्ट्रेलिया में हैं और वहीं उन्होंने यह प्रतिक्रिया दी.
प्रधानमंत्री मोदी ने भी की घटना की आलोचना
सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी प्रतिक्रिया दी. एक्स पर पोस्ट करते हुए पीएम मोदी ने कनाडा की घटना पर नाराजगी जाहिर की. उन्होंने कहा कि मैं कनाडा के हिंदू मंदिर पर जानबूझकर किए गए हमले की निंदा करता हूं. हमारे राजनयिकों को डराया धमकाया जा रहा है. हमें उम्मीद है कि कनाडाई सरकार न्याय सुनिश्चित करेगी. कानून व्यवस्था वहां स्थापित किया जाएगा.
पूरा मामला जानें
ब्रैम्पटन में हिंदू सभा मंदिर के पास भारत समर्थकों और चरमपंथियों के बीच झड़प हो गई थी. चरमपंथियों ने भारत के तिरंगे को थामे लोगों पर हमला कर दिया था. कुछ लोग मंदिर में शरण लेने के लिए अंदर चले गए. इस दौरान चरमपंथियों ने मंदिर पर भी हमला कर दिया था. ब्रैम्पटन से पहले मिसिसॉगा और विंडसर के मंदिरों में भी ऐसे हमले हो चुके हैं.
कनाडा के प्रधानमंत्री की प्रतिक्रिया
कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने भी एक दिन पहले इस घटना की निंदा की. एक्स पर उन्होंने कहा कि ब्रैम्पटन में हिंदू सभा मंदिर में हुई हिंसा अस्वीकार्य है. कनाडा में सभी नागरिकों को अपने धर्म का पालन सुरक्षित और स्वतंत्र रूप से करने का अधिकार है. ट्रूडो ने हिंदू समुदाय की सुरक्षा के लिए क्षेत्रीय पुलिस को धन्यवाद दिया और घटना की तेजी से जांच की सराहना की.