‘मैं आपके भविष्य और परिवार के लिए लड़ूंगा’, जीत के बाद ट्रंप ने किया जनता का अभिवादन

अमेरिका में डोनाल्ड ट्रंप अमेरिका के नए राष्ट्रपति बनने वाले हैं. चुनाव में जीत के बाद उन्होंने जनता को संबोधित किया. उन्होंने कहा कि मैं आपके भविष्य और आपके परिवार के लिए लड़ूंगा.

अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव के नतीजे आ गए हैं. चुनाव में डोनाल्ड ट्रंप ने जीत दर्ज की है. रिपब्लिकन पार्टी ने बहुमत हासिल कर लिया है. डोनाल्ड ट्रंप अमेरिका के 47वें राष्ट्रपति बनने जा रहे हैं. उन्होंने इस जीत के लिए अमेरिका के लोगों को धन्यवाद कहा. उन्होंने कहा कि हम अपने देश के बॉर्डर को मजबूत करेंगे. देश की सभी समस्याओं को दूर करेंगे.

चुनाव में भारी जीत के बाद ट्रंप ने देश को संबोधित किया. उन्होंने स्विंग स्टेट के मतदाताओं को धन्यवाद दिया. उन्होंने कहा कि मैं आपके भविष्य और आपके परिवार के लिए लड़ूंगा. स्विंग स्टेट के मतदाताओं का भी हमें साथ मिला. अमेरिका के अगले चार साल स्वर्णिम होने वाले हैं. जनता ने हमें मजबूत जनादेश दिया है.

एलन मस्क का जताया आभार

अमेरिकी नेता ने इस दौरान, अपने परिवार का शुक्रिया अदा किया. उन्होंने चुनाव में काम करने वाले लोगों का भी जिक्र किया. उन्होंने अरबपति एलन मस्क के बारे में कहा कि मैं एलन मस्क से प्यार करता हूं. उनके समर्थन के लिए मैं उनका आभार जताता हूं. 

वेंस ने भी देश को किया संबोधित 

ट्रंप के अलावा, अमेरिका के होने वाले उप राष्ट्रपति जेडी वेंस ने भी रिपब्लिकन पार्टी के वोटर्स को संबोधित किया. वेंस ने कहा कि मैं बधाई देना चाहता हूं कि अमेरिका के इतिहास में महान राजनीतिक वापसी हुई है. अमेरिकी इतिहास में सबसे बड़ी आर्थिक वापसी हुई है.

सबसे बड़े स्विंग स्टेट में जीते ट्रंप

अमेरिका के सबसे बड़े स्विंग स्टेट के रूप में फेमस पेंसेल्वेनिया में भी डोनाल्ड ट्रंप को जीत मिली है. ट्रंप ने सातों स्विंग स्टेट्स में शुरुआत से ही बढ़त बना रखी थी.