ऑस्ट्रेलिया में पहली परीक्षा में केएल राहुल नाकाम
इंडिया ए बनाम ऑस्ट्रेलिया ए दूसरा अनाधिकारिक टेस्ट मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड में हो रहा है। सीरीज का पहला मैच गंवा चुकी टीम इंडिया दो बदलाव कर इस मैच में उतरी है।

आगामी बॉर्डर-गावस्कर टेस्ट सीरीज को ध्यान में रखते हुए केएल राहुल और ध्रुव चुरेल को इस मैच में मौका दिया गया था। केएल राहुल को BGT के पहले मुकाबले में रोहित शर्मा के रिप्लेसमेंट के रूप में देखा जा रहा है।
भारतीय कप्तान के सीरीज के पहले मैच में खेलने पर संदेह है। टीम इंडिया की नजरें केएल राहुल जैसे एक अनुभवी सलामी बल्लेबाज पर है, जो ऑस्ट्रेलिया की मुश्किल परिस्थितियों में टीम को अच्छी शुरुआत दे सके।
इसी कारण केएल राहुल को बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी से पहले इंडिया ए के स्क्वॉड में चुना गया। राहुल अपनी पहली परीक्षा में फेल हुए और 4 रन बनाकर स्कॉट बोलैंड का शिकार बने। केएल राहुल ने अपनी इस पारी में 4 गेंदों का ही सामना किया जिसमें एक चौका लगाया।
केएल राहुल के अलावा अन्य सलामी बल्लेबाज अभिमन्यु ईश्वरन कुछ कमाल नहीं कर पाए और बिना खाता खोले पवेलियन लौटे। अभिमन्यु ईश्वरन का चयन भी बॉर्डर गावस्कर टेस्ट सीरीज के लिए भारतीय स्क्वॉड में हुआ है।
उनको भी पहले टेस्ट के लिए रोहित शर्मा के रिप्लेसमेंट के रूप में देखा जा रहा है। अभिमन्यु ईश्वरन पहले टेस्ट में भी कुछ कमाल नहीं कर पाए थे। बता दें, बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी की शुरुआत 22 नवंबर से होनी है। इंडिया बनाम ऑस्ट्रेलिया पहला टेस्ट पर्थ में खेला जाना है।